यूपी कबड्डी लीग 11 से, मुख्यमंत्री कर सकते हैं शुभारंभ
- इंडाेर स्टेडियम में 25 जुलाई तक होगा आयोजन, रोज होंगे चार मैच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-21ए नोएडा इंडोर स्टेडियम में 11 जुलाई से शुरू होने जा रही यूपी कबड्डी लीग का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर सकते हैं। इस वजह से यहां की सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता किए जा रहे हैं। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम परिसर में कई चरणों का सुरक्षा घेरा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान तैयार किया जाएगा।
यूपी कबड्डी के आयोजक संभव जैन व नोएडा इंडोर स्टेडियम के वैन्यू मैनेजर अमित सिंह ने बताया कि नोएडा इंडोर स्टेडियम पहली बार आयोजित हो रही यूपी कबड्डी लीग सीजन-एक की मेजबानी करने जा रहा है। यहां कबड्डी लीग का फाइनल 25 जुलाई को खेला जाएगा। इस लीग में कबड्डी के नए व पुराने खिलाड़ियों को मिलाकर आठ टीमें तैयार की गई हैं। आयोजकों ने खेल कार्यक्रम भी अपने इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कर दिया है।
रोज होंगे चार मैच
नोएडा इंडोर स्टेडियम में यूपी कबड्डी लीग के रोज चार मैच खेले जाएंगे। हर मैच एक-एक घंटे का होगा। पहले दिन का उद्घाटन मैच यमुना योद्धा और लखनऊ लायंस के बीच शाम पांच बजे से खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच नोएडा निंजा बनाम काशी किंग, तीसरा मैच गंगा किंग बनाम संगम चैलेंजर्स व चौथा मैच ब्रिज स्टार्स बनाम अवध टीम के बीच खेला जाएगा।