तिलपता गोलचक्कर पर भाजपा नेता और कार्यकर्ता विरोध स्वरूप मशाल जुलूस निकालते हुए।
- फोटो : Grnoida
नोएडा। सांसद डॉक्टर महेश शर्मा की अध्यक्षता में भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें सांसद ने कहा कि बुधवार को पंजाब में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक नहीं हुई थी। यह एक साजिश है। इसी के तहत जिस मार्ग से प्रधानमंत्री को जाना था, उसकी सूचना लीक की गई। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री देशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए देश में महामृत्युजंय जाप और भजन-कीर्तन आदि चल रहे हैं। कल सभी सांसद संसद भवन में महात्मा गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन करेंगे। बैठक में राजस्थान के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, विधायक पंकज सिंह, महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, क्षेत्रीय मंत्री बिजेंद्र नागर, बसंत त्यागी, अशोक मोंगा व तनमय शंकर आदि मौजूद रहे। वहीं, सेक्टर-22 स्थित सनातन धर्म मंदिर में बृहस्पतिवार को नोएडा महिला मोर्चा द्वारा हवन और महामृत्युंजय का जाप कराया गया।
पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी का पुतला जलाया
पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले को रोकने से नाराज सैंथली गांव के किसानों ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला जलाकर विरोध जताया। किसानों ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। किसान अजय भाटी ने बताया कि पंजाब में प्रधानमंत्री के साथ जो हुआ, वह निंदनीय है। इसका गांव के सभी किसान विरोध करते हैं। गजेंद्र भाटी ने कहा कि पंजाब सरकार ने जानबूझकर लापरवाही बरती है। इसको लेकर देश का किसान नाराज है। चुनावों में किसान अपनी ताकत दिखाकर इसका बदला लेगा। मौके पर धर्मवीर सिंह, जितेंद्र भाटी, राजुद्दीन सैफी, वीर सिंह, वीरेंद्र, देवेंद्र, सतीश, रॉबिन और सुंदर आदि मौजूद रहे।