ग्रेनो में चोरी की बिजली से जगमग हो रहा था साप्ताहिक बाजार
ग्रेटर नोएडा। नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने मंगलवार रात सेक्टर-36 के साप्ताहिक बाजार में बिजली चोरी पकड़ी। एक युवक चोरी की बिजली आपूर्ति कर प्रति दुकानदार से 50 रुपये वसूल रहा था।
एनपीसीएल के वाइस प्रेसिडेंट (ऑपेरशन) सारनाथ गांगुली ने बताया कि सेक्टर-36 के साप्ताहिक बाजार में अल्फा वन निवासी अनुज कंपनी के नेटवर्क से बिजली चोरी कर दुकानदारों को आपूर्ति कर रहा था। बाजार की 70 दुकानों में चोरी की बिजली चल रही थी। हर दुकान से प्रतिदिन 50 रुपये वसूले जा रहे थे। अनुज के खिलाफ मामला दर्ज कराकर 75000 रुपये जुर्माना लगाया गया है। अनुज पहले भी सेक्टर म्यू-2 के साप्ताहिक बाजार में बिजली चोरी कर सप्लाई कर चुका है।
32 जगह पकड़ी चोरी, 28 लाख जुर्माना
एनपीसीएल की टीमों ने सूरजपुर, मुर्शदपुर, कासना, देवला में भी बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कुल 32 मामलों में कुल 140 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी पर कुल 28 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।