नूंह। मंगलवार को नूंह कोर्ट परिसर में नूंह सीआइए पुलिस टीम वांछित आरोपी को पकड़ने पहुंची थी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर दाग दिया। आरोपी की गोली न्यायिक परिसर में तैनात पुलिसकर्मी के पैर में जाकर लगी। हालांकि पुलिस के जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घायल पुलिसकर्मी को नलहड़ मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
नूंह सिटी थाना पुलिस के अनुसार आरोपी वसीम उर्फ डैनी काफी समय से सीआइए (सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी) पुलिस के राजस्थान में दर्ज कई मामलों में फरार चल रहा था। उसकी पुलिस को काफी समय से तलाश थी। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने पहले भी टांई गांव में भी कई बार दबिश दी थी, लेकिन पुलिस बैरंग लौट आई। मंगलवार को आरोपी नूंह न्यायिक परिसर में अपने किसी कार्य से आया हुआ था। मुखबिर की सूचना पर दोपहर को पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ भी लिया, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। इस दौरान नूंह सीआइए पुलिस सहित न्यायिक परिसर में तैनात पुलिसकर्मी ने भी आरोपी का पीछा किया। आरोपी ने खुद को घिरा देखकर पुलिसकर्मी पर अवैध हथियार से सीधे चला दी, जोकि सीधे उनके पैर में जाकर लगी। पुलिस जवानों ने आरोपी को वहीं पर दबोच लिया। घायल पुलिसकर्मी प्रवीन कुमार को इलाज के लिए नलहड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां पर उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वहीं आरोपी को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। मामले के जांच अधिकारी नूंह सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोरनलाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगामी कार्रवाई की जा रही है।
जिला हेडक्वार्टर डीएसपी पहुंचे मेडिकल कॉलेज
इस घटना के बाद नूंह डीएसपी ममता खरब ने मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर घायल पुलिसकर्मी का हाल जाना। उन्होंने पुलिसकर्मी का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि पुलिस का कार्य कानून व्यवस्था को बनाए रखने का है, कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। आरोपी की पुलिस को काफी समय से तलाश थी। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर आगामी कार्रवाई तेज कर दी है।