ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की एक सोसाइटी के निवासी जरूरी सुविधाएं नहीं मिलने से परेशान हैं। एक परिवार ने परेशान होकर रविवार को शहर छोड़ दिया है। बिजली कटने से बेटे की ऑनलाइन परीक्षा छूट गई थी। अन्य कई परिवार भी शहर छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। निवासियों ने सुविधाओं की मांग को लेकर सोसाइटी के अंदर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि बिल्डर ने कब्जा दे दिया है, लेकिन अब तक बिजली का स्थायी कनेक्शन नहीं है। बिल बकाया है। इस कारण कई बार बिजली कट चुकी है।
करीब दस दिन पहले भी सोसाइटी की बिजली कट गई थी। जनरेटर का बैकअप भी नहीं मिला था। परेशान निवासियों ने शहर छोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। टावर-सी निवासी एक व्यक्ति परिवार के साथ शहर छोड़कर चले गए। वो करीब एक माह पहले ही सोसाइटी में रहने आए थे। बिजली कटने के कारण उनका बेटा ऑनलाइन परीक्षा नहीं दे सका था। बच्चे की परीक्षा छूटने और अन्य समस्याओं से परेशान होकर परिवार सोसाइटी से चला गया। निवासियों ने बताया कि उस दिन कई लोगों को परेशानी हुई थी। दूसरे के घर जाकर बच्चों ने क्लॉस ली थी।
लगातार दसवें सप्ताह निवासियों का प्रदर्शन
मेफेयर रेजीडेंसी सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को प्रदर्शन कर सुविधाओं की मांग की। निवासी लगातार दस सप्ताह से प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान और सुविधाएं नहीं मिली हैं। बिजली का स्थायी कनेक्शन, मेंटेनेंस शुल्क अधिक लेना, गंदे पानी और फायर सिस्टम ठीक नहीं होने जैसी समस्याओं से निवासी परेशान हैं। निवासियों ने बिल्डर को मांग पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है।
रजिस्ट्री नहीं होने से गुस्साए निवासियों ने लगाया जाम
ग्रेनो वेस्ट की ईको विलेज वन सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को हनुमान मंदिर गोलचक्कर पर जाम लगा दिया। निवासी लंबे समय से रजिस्ट्री कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनको मदद नहीं मिल रही है। पुलिस ने बिल्डर के साथ बैठक कराने का आश्वासन देकर निवासियों को शांत कराया। निवासियों ने बताया कि बिल्डर ने चार साल पहले कब्जा दे दिया था। रजिस्ट्री के लिए प्राधिकरण भी बैठक करा चुका है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इस पर निवासियों ने सुबह दस बजे सोसाइटी के गेट पर प्रदर्शन शुरू किया। निवासियों ने बिल्डर प्रबंधन को वार्ता के लिए बुलाया, लेकिन बिल्डर नहीं आया।
एक घंटे बाद सभी निवासी हनुमान मंदिर गोलचक्कर पर पहुंच गए और वहां जाम लगा दिया। सूचना पर बिसरख कोतवाली के साथ अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अगले रविवार को कोतवाली में बिल्डर के साथ वार्ता कराने का आश्वासन दिया। जाम से करीब एक घंटे तक वाहन चालक परेशान रहे। वहीं, ईको विलेज एक, दो और तीन के निवासियों ने ट्विटर पर अभियान चलाकर प्रदेश सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया। प्रदर्शन में विजय बघेल, संजय शर्मा, विजय चौहान, दिलीप, शैलेंद्र, मनोज, सुमित, आलोक, विक्रम राणा, अतुल, रोशन समेत अन्य निवासी मौजूद रहे।
बिल्डर के खिलाफ निकाली कार रैली
ग्रेटर नोएडा की मिग्सन ग्रींस सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को रजिस्ट्री नहीं होने पर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। सोसाइटी के गेट पर प्रदर्शन के बाद निवासियों ने बिल्डर के दूसरे प्रोजेक्ट तक कार रैली निकालकर मोर्चा खोला। निवासियों ने बताया कि प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में है। बिल्डर ने अभी तक पूर्णता प्रमाणपत्र नहीं लिया है। इस कारण रजिस्ट्री अटकी है। बार-बार मांग करने के बाद भी बिल्डर सुनने को तैयार नहीं है। इस बात से निवासियों में रोष है। बिल्डर के मीडिया प्रभारी अनिकेत तिवारी ने बताया कि पूर्णता प्रमाणपत्र (सीसी) के लिए वर्ष 2016 में आवेदन किया जा चुका है। दो बार निरीक्षण भी हो चुका है। रिपोर्ट भी सही है, लेकिन अब तक सीसी नहीं मिला है। यूपी रेरा ने आवेदन को स्वीकृति दे दी है। सीसी प्राप्त करने के लिए बिल्डर सोसाइटी के निवासियों के साथ है।