- बार-बार फोन करने से नाराज युवक ने सीने पर किया वार, केस दज
नोएडा। सेक्टर-77 स्थित अंतरिक्ष फॉरेस्ट सोसाइटी में सामान देने आए डिलीवरी बॉय को युवक ने चाकू मार दिया। सीने में चाकू लगने से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित सोरखा निवासी आशीष कुमार की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने सोसाइटी निवासी शोभित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि डिलीवरी बॉय के बार-बार फोन करने से नाराज खरीदार ने उस पर चाकू से वार कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में आशीष ने कहा कि शनिवार को अमेजाॅन की तरफ से डिलीवरी लेकर सेक्टर-77 स्थित अंतरिक्ष फॉरेस्ट सोसाइटी पहुंचा था। वहां पहुंचकर शोभित नामक कस्टमर को फोन कर सामान लेने के लिए बुलाया। शोभित ने कुछ देर में आने की बात कही। करीब 15 मिनट तक शोभित नहीं आया तब आशीष ने फिर से फोन किया। इस पर शोभित ने जल्द आने की बात कही। इसके बाद भी 10 मिनट तक शोभित नहीं आया। फिर फोन करने पर शोभित नाराज हो गया। आरोप है कि शोभित ने नीचे इंतजार कर रहे डिलीवरी बॉय के सीने में चाकू मार दिया।