यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के पीछे खादर इलाके में ड्रोन से एंटी लार्वा दवा के छिड़काव की तैयारी करत
- फोटो : Ashram
नई दिल्ली। राजधानी में ड्रोन से एंटी लार्वा दवा का छिड़काव शुरू हो गया है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने यह पहल की है। इससे उन स्थानों पर भी दवा का छिड़काव हो सकेगा जहां निगम कर्मियों के लिए पहुंचना आसान नहीं होता। पूर्वी निगम ने डेंगू से बचाव अभियान के अंतर्गत पहली बार अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया है। बुधवार को यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के पीछे यमुना खादर क्षेत्र में ड्रोन से एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया।
सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल के अलावा कई पार्षद और पूर्वी निगम के मलेरिया विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टर भी मौजूद थे। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पूर्वी निगम ने एक ड्रोन किराये पर लिया है। जिसकी मदद से पहले दिन यमुना खादर के 3 किमी क्षेत्र में दवा का छिड़काव किया गया।
निगम के अधिकारियाें ने बताया कि ड्रोन से प्रतिदिन क्षेत्र में इसी प्रकार उन जगहों पर दवा का छिड़काव होगा, जो कर्मचारियों की पहुंच से दूर है। इसमें ऊंची इमारताें की बालकनी, नालों के किनारे के क्षेत्र और यमुना खादर जैसी जगहें शामिल हैं।
वहीं महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल ने बताया कि पहली बार मच्छर जनित बीमारियां पर अंकुश लगाने के लिए ड्रोन का प्रयोग किया गया है। सफलता मिलने पर इस तकनीक का बड़े स्तर पर इस्तेमाल होगा।
10-12 लीटर दवा लेकर भरता है उड़ान
ड्रोन के साथ 10-12 लीटर की क्षमता का एक कंटेनर लगा है। कंटेनर में एंटी लार्वा दवा भरी जाती है। अभी पूर्वी निगम ने एक ड्रोन किराये पर लिया है। बेहतर परिणाम मिले तो ड्रोन की संख्या बढ़ाकर छिड़काव कराया जाएगा।