ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम की संयुक्त मुहिम अब रंग लाने लगी है। ग्रेटर नोएडा के सरकारी प्राइमरी मुबारिकपुर स्थित कौशल विकास केंद्र से प्रशिक्षण पूरा करते ही 36 छात्रों को नौकरी मिल गई। इससे छात्रों की भविष्य की राह खुल गई। प्राधिकरण और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम की संयुक्त पहल से ट्रेडिक्स टॉवर, सेक्टर अल्फा वन और मुबारिकपुर (सूरजपुर) में बीती 27 जुलाई को कौशल विकास केंद्र खोले गए हैं। सरकारी प्राइमरी स्कूल के पास मुबारिकपुर से पहले बैच में दाखिला पाने वाले 140 छात्रों को टेलीकॉम ट्रेड में तीन माह का प्रशिक्षण दिया गया।
इनमें 55 ने प्लेसमेंट के लिए आवेदन किए थे। जिनमें से 36 छात्रों को नौकरी मिल गई है। अधिकांश छात्र 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त हैं। शेष छात्रों के लिए भी प्रयास चल रहे हैं। इन छात्रों को अलग-अलग कंपनियों में सेल्स एग्जिक्यूटिव की नौकरी मिली है। इनमें से अधिकतर गौतमबुद्ध नगर से हैं। ग्रेनो में अब तक चार केंद्र खोले गए हैं। वहीं, दो केंद्रों को जल्द शुरू करने की तैयारी है। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम से तालमेल बनाकर युवाओं को प्रशिक्षण दिलाने के लिए प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर पहली बार कौशल विकास विभाग का भी गठन किया गया। इसके जरिये युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। सीईओ नरेंद्र भूषण ने बताया कि युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए कौशल विकास केंद्र खोले गए हैं। यह हर्ष का विषय है कि पहले बैच के अधिकतर युवाओं को रोजगार मिल गया है। एक तरफ युवाओं को रोजगार मिल रहा है तो दूसरी तरफ उद्योगों को अपनी जरूरत के हिसाब से कर्मचारी मिलने लगे हैं।