ग्रेटर नोएडा। जिले में तीनों विधानसभा सीट पर 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग शारीरिक रुप से दिव्यांग मतदाता के लिए इस बार बैलट मतदान की व्यवस्था की गई है। तीनों विधानसभा सीटों पर 565 बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं ने बैलट से मतदान करने पर अपनी सहमति दी थी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने 3 और 4 फरवरी को बुजुर्ग व दिव्यांगों का मतदान कराने का फैसला किया था। शुक्रवार को सिर्फ 7 मतदाताओं ने बैलट मतदान का प्रयोग किया। जिसमें 61 नोएडा विधानसभा क्षेत्र के 80 साल से अधिक उम्र के 6 बुजुर्ग व दादरी विधानसभा क्षेत्र से एक शारीरिक रुप से दिव्यांग ने मतदान किया। इससे पहले बृहस्पतिवार को तीनों विधानसभा क्षेत्र से कुल 450 मतदाताओं ने मतदान किया। बाकी 115 मतदाताओं को शुक्रवार को मतदान करना था, जिसमें से सिर्फ 7 ने ही मताधिकार का प्रयोग किया। बाकी 107 मतदाता विभिन्न कारणों से मतदान से वंचित रह गए। वह बूथ पर मतदान कर सकेंगे।
पता गलत मिलने पर 5614 मतदाता पहचान पत्र वापस
ग्रेटर नोएडा। नाम और पते में गलतियों के कारण नोएडा और दादरी विधानसभा क्षेत्र के 5614 मतदाताओं के फोटो युक्त पहचान पत्र का वितरण नहीं हो सका। डाक से भेजे गए पहचान पत्र वापस आ गए। इन पहचान पत्रों को अब बीएलओ के सहायता से मतदाताओं तक पहुंचाया जाएगा। जिन मतदाताओं को पहचान पत्र नहीं मिल सके हैं वह अपनी कोई भी एक फोटो युक्त पहचान पत्र दिखाकर मतदान कर सकेंगे। जनवरी के पहले सप्ताह में मतदाता पुनरीक्षण का कार्य संपन्न कराया गया था। जिसमें तीनों विधानसभा क्षेत्र के कुल 88416 मतदाता जोड़े गए थे। नोएडा विधानसभा से 39043, दादरी से 34970 और जेवर विधानसभा क्षेत्र के 14403 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए थे। नए मतदाताओं को फोटो युक्त पहचान पत्र बनने थे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहचान पत्र बनने के बाद इसे मतदाताओं को भेज दिया गया। इनमें से कुछ पहचान पत्र दिए गए पते पर रिसीव नहीं हो पाये, जो वापस आ गए हैं। उन्होंने बताया कि जेवर विधानसभा क्षेत्र के सभी वोटर कार्ड संबंधित व्यक्ति तक पहुंच गए हैं। नोएडा में 2860 और दादरी विधानसभा क्षेत्र में 2754 फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र वापस आ गए।
फूलमंडी में ईवीएम की मॉकड्रिल संपन्न
ग्रेटर नोएडा। फेस-दो स्थित फूलमंडी में शुक्रवार को ईवीएम की मॉक ड्रिल की गई। इसमें ईवीएम की सुरक्षा समेत तमाम पहलुओं को ध्यान में रखा गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि मॉक ड्रिल पूरी सफल रही। शुक्रवार को मॉक ड्रिल के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी या उनके प्रतिनिधियों को बुलाया गया था। उनके सामने ही मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कुल 5 प्रतिशत ईवीएम का मॉक ड्रिक निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया। जिसमें राजीनतिक दलों समेत अन्य प्रत्याशियों के प्रतिनिधि शामिल रहे।