School's online work stalled due to transformer failure
तावडू। उपमंडल के गांव डिंगरहेड़ी के राजकीय मिडिल स्कूल में समस्याओं का अंबार है। इस कारण बच्चों सहित स्कूल स्टाफ को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा ग्राम पंचायत, एसएमसी कमेटी व ब्लॉक शिक्षा कार्यालय को समस्याओं से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक किसी ने सुध नहीं ली है। स्कूल परिसर में लगा बिजली ट्रांसफार्मर पिछले 15 दिनों से खराब है। इससे स्कूल स्टाफ का ऑनलाइन कामकाज भी ठप है। स्कूल के मुख्याध्यापक राजेंद्र ने बताया कि विद्यालय परिसर में लगा बिजली ट्रांसफार्मर पिछले 15 दिनों से खराब है। इससे स्कूल की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, वहीं इसके कारण स्कूल के साथ ही लगा नलकूप नहीं चलने से स्कूल में जल आपूर्ति बाधित है। पानी की टंकी खाली है, शौचालयों में पानी नहीं होने के कारण बदबू आ रही है। उन्होंने बताया कि स्कूल की समस्याओं के समाधान को लेकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को शिकायत देकर अवगत कराया है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
उन्होंने बताया कि स्कूल भवन के साथ ही ग्राम पंचायत की भूमि में जेसीबी मशीन से खुदाई कर गड्ढा खोदा गया है, जिसमें गांव का गंदा पानी आता है। इस कारण स्कूल में दूषित पानी आता है।शिक्षकों ने आशंका जताई है कि दूषित जल पीने से बीमारी पनपने का खतरा बना हुआ है। साथ ही इसी रास्ते से स्कूल में बच्चे पढ़ने आते हैं। स्कूल भवन के साथ गहरा गड्ढा होने के कारण हमेशा बड़े हादसे का डर बना रहता है। मुख्य अध्यापक राजेंद्र द्वारा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में शिकायत कर पानी की जांच का आग्रह किया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल परिसर में लगे बिजली ट्रांसफार्मर में कृषि फीडर की बिजली आपूर्ति होती है, जो एक निश्चित समय के लिए होती है। इस कारण इन्वर्टर भी पूरी तरह से चार्ज नहीं हो पाता है। उन्होंने ग्राम पंचायत, प्रशासन और ब्लॉक शिक्षा विभाग से मांग की है कि स्कूल में बिजली सप्लाई गांव की तर्ज पर की जाए। वहीं, गांव की बिजली सप्लाई लाइन से स्कूल कनेक्शन को जोड़ा जाए। इसके अलावा जल जीवन मिशन योजना के तहत पानी कनेक्शन देकर स्कूल परिसर में जलापूर्ति की जाए।
इस बारे में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश मलिक ने बताया कि डिंगरहेड़ी स्कूल की समस्या उनके संज्ञान में है। बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत बिजली विभाग और एसडीएम कार्यालय को देकर मांग की है कि जल्द से जल्द विद्यालय परिसर में ट्रांसफार्मर को बदला जाए। विद्यालय से संबंधित सभी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा।