Samples taken from dairies and sweet shops, raided by the team of CM Flying Squad and Food Safety Department
पुन्हाना। मुख्यमंत्री (सीएम) उड़नदस्ते और फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने रविवार को पुन्हाना और पिनगवां में डेयरियों और मिठाईयों की दुकानों पर छापेमारी कर दूध, क्रीम, पनीर और बर्फी आदि के 8 सैंपल लिए।
सीएम उड़नदस्ते की टीम ने पुन्हाना की अनाजमंडी के सामने अख्तर पनीर डेयरी, लहरवाड़ी रोड पर सुरेंद्र पनीर डेयरी पर छापेमारी कर दूध, क्रीम और पनीर के नमूने लिए। बीसरू रोड स्थित इकबाल पनीर डेयरी से केवल दूध के सैंपल लिए। इसके अलावा पिनगवां में एक मिठाई की दुकान से बर्फी का सैंपल सील बंद कर जांच के लिए भेजा जाएगा। छापेमारी की सूचना से शहर में चल रही दर्जनों पनीर और दूध की डेयरियों के मालिकों में हड़कंप मच गया। डेयरी संचालक डर की वजह से अपनी डेयरियों को बंद करके भाग गए।
जिला फूड सेफ्टी अधिकारी श्यामलाल ने बताया कि विभाग को बार-बार शिकायतें मिल रही थी कि पुन्हाना स्थित डेयरियों पर पाउडर का प्रयोग कर पनीर और दूध बनाया जाता है। इसको एनसीआर सहित दूरदराज शहरों में सप्लाई किया जाता है। आगामी त्योहार को देखते हुए नकली दूध व मिलावटी पनीर, मक्खन पर रोकथाम के लिए पुन्हाना में तीन पनीर डेयरियों पर छापेमारी कर दूध, क्रीम, पनीर और पिनगवां में बर्फी के सैंपल लिए गए। उन्होंने बताया कि छापे के दौरान कोई रासायनिक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। जांच में अगर मिलावट पाई गई तो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 20 जगहों से सैंपल लिए गए हैं। इस दौरान सीएम फ्लाइंग से इंस्पेक्टर सुबे सिह, रोजेखां, एसआई सांवल राम, एसआई रामपाल, एएसआई कंवरपाल, एचसी सुनील व एससी सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।