नोएडा। सेक्टर-78 स्थित सिक्का कार्मिक बिल्डर के सेल्स आफिस को प्राधिकरण अधिकारियों ने बुधवार को सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि निवासियों की शिकायतों पर जांच के बाद कार्रवाई की गई है।
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक मुकेश वैश्य ने बताया कि सेक्टर-78 स्थित सिक्का कार्मिक बिल्डर के खिलाफ निवासियों ने कई गंभीर शिकायतें की थी। जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर बिल्डर से जवाब मांगा गया था। उचित जवाब नहीं मिलने के पर बिल्डर से अनसोल्ड प्रॉपर्टी की जानकारी मांगी गई थी। प्राधिकरण को भेजे गए जवाब में बिल्डर ने सारे फ्लैटों की बिक्री होने की जानकारी दी। ऐसे में सेल्स आफिस का कोई औचित्य नहीं था। आला अधिकारियों से निर्देश मिलने पर सेल्स आफिस को सील कर दिया गया है। अहम है कि प्राधिकरण निवासियों की समस्याओं का संज्ञान लेकर गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है।