नोएडा (मनोज कुमार)। प्रदेश के विभिन्न डिपो में काम करने वाले संविदा कर्मी भी अब गृह जनपद में नौकरी कर सकेंगे। राज्य परिवहन निगम ने ऐसे कर्मियों को दिवाली का तोहफा दिया है। अभी तक केवल रोडवेज के स्थायी अधिकारी-कर्मचारियों का ही तबादला होता था। प्रदेश में हजारों की संख्या में परिवहन निगम के अंतर्गत कर्मचारी काम करते हैं। भर्ती के दौरान कर्मचारी गृह जनपद छोड़कर अन्य जिलों में संविदा पर नियुक्त हो गए थे। अब उनके घर जाने से लेकर काम करने तक कई तरह की परेशानी सामने आ रही थी। लगातार संविदा कर्मियों की ओर से मांग की जा रही थी कि तबादला नीति बनाई जाए। हाल ही में निगम के प्रबंध निदेशक नवदीप रिणवा ने संविदा कर्मियों की परेशानी को देखते हुए नीति बनाई है। इसमें संविदा कर्मियों को अपने जिले में जाने की छूट रहेगी। मोरना डिपो में 20 से अधिक संविदा कर्मियों ने अपने जिले में जाने के लिए आवेदन कर भी दिए हैं। इस बार निगम की ओर से 6 फीसदी की बढ़ोतरी भी मानदेय में की गई है।
आवेदनों की जांच के बाद ही फैसला
संविदा कर्मियों के लिए लाई गई नीति से एक साथ किसी भी जिले में कोई परेशानी न हो। इसका भी विशेष ध्यान रखा गया है। पहले सभी जिलों के आवेदनों की जांच की जाएगी जहां पर अधिक लोग एक से दूसरे जिले में आने-जाने वाले होंगे। वहां पर तबादले का काम शुरू किया जाएगा। इससे उन जिलों में काम प्रभावित नहीं होगा।
रोडवेज के संविदा कर्मियों के लिए भी अब तबादला नीति बनाई गई है। इसमें वह घर के पास के डिपो में काम कर सकेंगे। मोरना डिपो से 20 से अधिक लोगों ने अपने क्षेत्र के डिपो जाने के लिए आवेदन किया है। - एनपी सिंह, एआरएम, मोरना डिपो