लोन लेने वाले लोगों से वसूली करने के लिए भेजता था अश्लील व एडिट की हुई फोटो
आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फर्जी चाइनीज लोन एप गिरोह के पांच हजार के इनामी बदमाश को कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाश गैंगस्टर एक्ट में वांछित था और लोन लेने वाले लोगों से कई गुना वसूली करने के लिए अश्लील व एडिट की हुई फोटो भेजता था। गिरोह के कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने मंगलवार को लोकल इंटेलीजेंस के आधार पर गैंगस्टर एक्ट में फरार पांच हजार के सोनिया विहार, दिल्ली निवासी इनामी रजनीश को सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया। रजनीश साथियों के साथ मिलकर चाइनीज लोन एप के लिए कॉल सेंटर संचालित करता था। इसके अलावा लोन एप के लिए कलेक्शन का काम करता था। लोन लेने वाले का आरोपी डाटा बनाता था। फिर नंबर लेकर व्हाट्स पर पर फोन कर कई गुना रकम मांगता था। इस दौरान डराने धमकाने के लिए फोटो व वीडियो को एडिट कर अश्लील बनाकर उनके पास भेजता था। इसके बाद भी जब कोई दो से तीन गुना रकम नहीं देता था तो आपत्तिजनक फोटो व वीडियो पीड़ितों के मित्रों व रिश्तेदारों को भेजने के नाम पर प्रताड़ित करता था। इसके बाद दस गुना तक रकम वसूलता था। कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने एक वर्ष पहले फर्जी लोन एप गिरोह का खुलासा करते हुए कॉल सेंटर पकड़ा था। इसका चीन कनेक्शन भी सामने आया था। मामले में रजनीश फरार हो गया था। आरोपी मूलरूप से मधुबनी बिहार का रहने वाला है।