ग्रेटर नोएडा। कॉमर्शियल बेल्ट स्थित एक रेस्तरां में काम करने वाले युवक का शव सोमवार सुबह सर्विस रोड के किनारे मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पर पहुंचे पलवल (हरियाणा) निवासी परिजनों ने रेस्तरां संचालक पर मारपीट व हत्या का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस का कहना है कि शव के पास से सूखा पाउडर बरामद हुआ है। प्राथमिक पड़ताल के बाद युवक के आत्महत्या करने की आशंका है।
पुलिस के मुताबिक, पलवल के गांव लिखी निवासी निरंजन चौधरी (33) का शव ढकिया बाबा मंदिर के पास सर्विस रोड के किनारे पड़ा मिला। शव के पास आयुर्वेद दवा की डिब्बी और सूखा पाउडर मिला। शव पर चोट का निशान कोई नहीं था। युवक के पास एक कीपैड मोबाइल मिला। इसमें से मिले नंबर से उसकी पहचान हुई और परिजन को कॉल की गई। पुलिस ने रेस्तरां संचालक से फोन पर बात की तो उसने बताया कि निरंजन दो-तीन दिन से उनके पास नहीं गया। परिजन पहले पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इसके बाद बीटा-2 थाने पहुंच गए। परिजनों ने रेस्तरां संचालक पर हत्या करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि संचालक लगभग तीन साल से रेस्तरां पर काम कर रहा था। आरोप है कि वह निरंजन से पहले भी मारपीट कर चुका था। एक सप्ताह पहले कॉल कर भी निरंजन ने परिजन को मारपीट की जानकारी दी थी। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।