तावडू। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर सोनीपत के गांव नाहरा से वर्चुअल संवाद के माध्यम से अमृत सरोवर मिशन का शुभारंभ किया। इसी कड़ी में रविवार को उपायुक्त अजय कुमार ने तावडू उपमंडल के गांव जफराबाद में तालाब के जीर्णोद्धार का शुभारंभ किया, जिस पर 66 लाख रुपये खर्च होंगे। उपायुक्त ने तालाब के किनारे पौधरोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर योजना के तहत जिले के 75 तालाबों को विकसित किया जाएगा। नूंह में चार तालाबों के जीर्णोद्धार का शुभारंभ कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों को विकसित करने के लिए अमृत सरोवर योजना बनाई गई है। इसके तहत तालाबों में शुद्ध पानी एकत्रित किया जाएगा। साथ ही तालाब के चारों तरफ पौधे लगाने, सैर करने के लिए पगडंडी भी बनाई जाएगी। इस दौरान जफराबाद के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संबोधन को लाइव सुना।
उन्होंने कहा कि तालाब को 1.6 एकड़ में विकसित किया जाएगा, जिस पर करीब 66 लाख रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि पानी को साफ करने के लिए वेटलैंड तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा तथा इस तालाब में 17,324 क्यूबिक मीटर पानी भरा जाएगा, जिससे ग्रामीण फसलों की सिंचाई भी कर सकेंगे। कोई भी ग्रामीण इस तालाब से पाइप लाइन द्वारा अपने खेतों तक पानी ले जा सकता है। सिंचाई की आवश्यकता पूरी करने के अलावा तालाब में भरे पानी से भूमि का पानी रिचार्ज हो सकेगा और पानी का लेवल ऊपर आएगा। तालाब में पानी होने से पशुओं की भी पानी संबंधी आवश्यकता पूरी हो सकेंगी।
मालब में उपमंडल अधिकारी ने किया शुभारंभ
मालब गांव में तालाब के जीर्णोद्धार का शुभारंभ उपमंडल अधिकारी सुश्री सलोनी शर्मा, बीवां में उपमंडल अधिकारी रणवीर सिंह द्वारा किया गया। सीईओ जिला परिषद गजेंद्र सिंह ने उपमंडल पुन्हाना के गांव बिछौर में स्थित कुंता वाला तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मंडल अधिकारी सुरेंद्र पाल, डीएसपी सुरेंद्र सिंह, विधायक संजय सिंह के भाई राजीव, पंचायत खंड विकास अधिकारी नंदलाल, पूर्व ब्लाक समिति प्रधान नरेश यादव व जफराबाद सरपंच फकरूद्दीन सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।