फरीदाबाद। नगर के सभी पांच लेबर चौक पर नियमित तौर पर कोविड-19 के बचाव के लिए वैक्सीनेशन कैंप लगाए जाएंगे। शनिवार तक 2568848 लोगों को कोरोना बचाव का टीका लगाया जा चुका है। उपायुक्त जितेंद्र यादव ने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगातार लगाया जा रहा है। शहर के सभी पांच लेबर चौक पर रविवार से 30 नवंबर तक टीका लगाया जाएगा। इसका समय सुबह 7 बजे से 11 बजे तक रखा गया है। इसमें बल्लभगढ़ चौक, अनखीर चौक, प्याली चौक, खेड़ी पुल व सेक्टर 17 शामिल हैं।
उपायुक्त जितेन्द्र यादव ने कहा कि सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार कोविड-19 की दूसरी खुराक की प्रगति जिला में उचित नहीं है। यह बात को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार की योजना की मदद से हर घर दस्तक योजना के तहत जिले के उन क्षेत्रों को चिह्नित करना चाहिए, जहां कम टीकाकरण हुआ है। उन्हांने कहा कि 20 नवंबर से किसी भी उल्लंघन पर कार्रवाई होगी।
कोरोना के तीन नए मामले आए
फरीदाबाद। जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर लगातार सुधार है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने केवल तीन नए मरीज मिलने की पुष्टि की है। वहीं, कोई भी मरीज को संक्रमण मुक्त घोषित नहीं किया है। जिले में सक्रिय केसों की संख्या 8 हो गई है। सभी को होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार को सेक्टर-14, सेक्टर-15 व सेक्टर-77 में नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। अभी तक जिले में कुल 99915 संक्रमित मिले चुके हैं। इनमें से 99191 लोग ठीक हो चुके हैं। जिले में 716 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रामभगत ने बताया कि शनिवार को 1769 नए सैंपल लिए गए हैं। ब्यूरो
कोरोना की तीसरी लहर से 13 बच्चों को किया सुरक्षित
फरीदाबाद। कोरोना वायरस की तीसरी लहर से पहले बच्चों को सुरक्षित करने के लिए बच्चों की वैक्सीन का ट्रायल ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। जिसमें दूसरे फेज में 13 बच्चों को कोरबेवैक्स वैक्सीन की डोज दी गई है। इन बच्चों को दूसरी डोज 25 नंवबर को लगाई जाएगी। इसमें देशभर से 134 बच्चों ने भाग ले रहे हैं।
एनआईटी तीन नंबर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के रजिस्ट्रार डॉ. एके पांडे ने बताया कि तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए बच्चों को सुरक्षित करने के लिए कोरबेवैक्स का ट्रायल जारी है। अभी तक जिले के 13 बच्चों को दूसरे फेज में वैक्सीन लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि दूसरे व तीसरे फेज में देशभर से 600 बच्चों को इस ट्रायल में शामिल किया गया। जिसमें से 134 बच्चे दूसरे फेज में शामिल हुए हैं। 134 बच्चों में से 13 बच्चे फरीदाबाद जिले के हैं।
डॉ. पांडे ने बताया कि वैक्सीन लगने के लिए कुछ बच्चों को बुखार हुआ है लेकिन इसके अलावा और कोई दुष्प्रभाव बच्चों में देखने को नहीं मिला है। इन बच्चों को दूसरी डोज 25 नवंबर को लगाई जाएगी। दूसरी डोज लगाने से पहले बच्चों की दोबारा से खून की जांच की जाएगी। दूसरे फेज में 12 से 18 साल के बच्चों ने भाग लिया है। वहीं तीसरी फेज में 5 से 18 साल के बच्चों को शामिल किया जाएगा।
अस्पताल में करीब 79 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। जिसमें से 20 बच्चे निगेटिव पाए गए। इस बच्चों में से 13 बच्चों को कोरबेवैक्स की पहली डोज लगाई गई। ट्रायल अधिकारी डॉ. संकल्प ने बताया कि इस ट्रायल में भाग लेने के लिए 9310708560 पर बच्चे से संबंधित जानकारी देकर भाग ले सकते हैं। ट्रायल में भाग लेने वाले बच्चों को आने-जाने के लिए खर्च भी अस्पताल की ओर से दिया जाएगा।