फिरोजपुर झिरका। हिरवाड़ी और बावनठेढ़ी के ग्रामीणों के बीच रंजिश में हुए झगड़े में हिरवाड़ी गांव के करीब 6 लोग घायल हो गए। फिरोजपुर झिरका पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तीन महिलाओं सहित बावनठेढ़ी के कुल 14 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नफीसा पत्नी लियाकत निवासी हिरवाड़ी ने मंगलवार शाम को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रंजिश के कारण बावनठेढ़ी गांव के अतर खां, जफरुद्दीन, वसीम, जमीला, खतीजा आदि 14 लोगों ने दो दिन पहले घर पर हमला कर दिया था। ग्रामीणों लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर परिवार के आधा दर्जन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। झगड़े को बढ़ता देख वहां मौजूद ग्रामीणों ने हमलावरों से बड़ी मुश्किल से बचाया, लेकिन हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अल-आफिया में दाखिल कराया। इस संबंध में पुलिस जांच अधिकारी बनवारी लाल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।