नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) ने एक्वा लाइन पर ट्रांसजेंडर की सुविधा के लिए 21 स्टेशनों पर शौचालयों की व्यवस्था की है। एनएमआरसी की प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी ने बताया कि एक्वा लाइन पर ट्रांसजेंडर दिवस स्मरणोत्सव पर शौचालयों का प्रावधान करके अनूठी पहल की गई है। यह शौचालय पहले सिर्फ दिव्यांग के लिए थे।
उन्होंने बताया कि अब एनएमआरसी ने शौचालयों के साइनेज में भी बदलाव किए हैं। ट्रांसजेंडरों को सुरक्षित स्थान प्रदान करने और लैंगिक भेदभाव को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। ट्रांसजेंडरों का मार्गदर्शन करने के लिए मेट्रो स्टेशनों के सभी शौचालयों पर प्रतीक चिन्हों के साथ ही हिंदी और अंग्रेजी में संकेत अंकित किए गए हैं। ट्रांसजेंडर अब बिना किसी परेशानी के इनका इस्तेमाल कर सकते हैं। एनएमआरसी एक्वालाइन के विस्तार के आगामी स्टेशनों पर भी ऐसी ही सार्वजनिक शौचालय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थानों का चयन कर रहा है।
स्वच्छता सर्वेक्षण का आज आएगा परिणाम
स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 का परिणाम शनिवार को आ सकते हैं। नोएडा की रैंकिंग इस बार पहले से भी ज्यादा बेहतर रहने की उम्मीद है। यह परिणाम केंद्र से जारी होंगे। पिछले साल दस लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नोएडा देश में 25वें और प्रदेश में पहले नंबर पर रहा था। परिणाम जारी होने के साथ ही केंद्र सरकार के मंत्रालय की ओर से प्राधिकरण के अधिकारियों को दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित भी किया जाएगा।