फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना का फिर बढ़ा, एक ही सोसाइटी में मिले छह मरीज

विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा। जिले में चार माह बाद पहली बार कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज सामने आए हैं। शुक्रवार को आठ नए मरीजों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। वहीं, सेक्टर-77 स्थित एक्सप्रेस जेनिथ सोसाइटी में एक ही परिवार के छह सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि, इस सोसाइटी के केस सरकारी आंकड़ों में नहीं जोड़े गए हैं।
विज्ञापन

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि 24 घंटे में आठ नए कोरोना मरीज मिले हैं। इनमें एक मामला ग्रेटर नोएडा से संबंधित है, जबकि छह मामले नोएडा के हैं। इनमें तीन मरीज एक ही परिवार से हैं, जबकि दो मरीज एक अन्य परिवार से हैं। जेपी अस्पताल में भर्ती एक मरीज लखनऊ का बताया जा रहा है। वहीं, एक्सप्रेस जेनिथ अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन (एओए) के महासचिव देवेंद्र सिंह ने बताया कि सोसाइटी में रहने वाले परिवार के छह सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शुक्रवार शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम आई थी। करीब दो साल का एक बच्चा भी पॉजिटिव है। हालांकि, इनमें से किसी की हालत गंभीर नहीं है। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। सोसाइटी को सैनिटाइज कराया गया है। एओए की तरफ से भी पूरी एहतियात बरती जा रही है। बताया जा रहा है कि बच्चे को छोड़कर परिवार के सभी सदस्यों को वैक्सीन लग चुकी है।
...तो फिर बढ़ेगा आंकड़ा
कोविड-19 दैनिक रिपोर्ट बीते 24 घंटों में आए मामलों के आधार पर तैयार की जाती है। ऐसे में शुक्रवार को आए पॉजिटिव मामले शनिवार की रिपोर्ट में शामिल होंगे। जेनिथ सोसाइटी के छह मामले भी शनिवार की रिपोर्ट में शामिल होने से जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढे़गा।
विज्ञापन

चार महीने का टूटा रिकॉर्ड
त्योहारों के बाद जिले में अचानक बढ़े कोरोना मरीजों के ग्राफ ने चिंताजनक हालात बना दिए हैं। चार महीने में पहली बार सबसे ज्यादा आठ मरीजों की पुष्टि हुई है। इससे पहले दैनिक आधार पर कोरोना के मामले आठ से कम ही रहे हैं। नवंबर में अब तक कोरोना मरीजों की संख्या 53 हो चुकी है, जबकि जुलाई के बाद सबसे ज्यादा है। वहीं, शुक्रवार को जिले में 32 सक्रिय मरीज दर्ज किए गए और दो स्वस्थ हो गए।
अधिकारियों का दावा, हालात नियंत्रण में
सीएमओ डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहारों के बाद कोरोना के मामले बढ़ने की आशंका पहले से ही थी। राहत इस बात की है कि दैनिक आधार पर कोरोना के नए मामले एक ही अंक में बने हुए हैं, जब दस या इससे अधिक मामले सामने आएंगे तो चिंता की बात होगी। विभाग की तरफ से पूरी सतर्कता बरती जा रही है। जहां-जहां कोरोना मरीज मिले हैं, वहां कांटेक्ट ट्रेसिंग कराई जा रही है।
डेंगू के 7 मरीज बढ़े, 603 पहुंची संख्या
जिले में शुक्रवार को डेंगू के सात मामले सामने आए। इससे मरीजों की संख्या 603 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक डेंगू के दो मरीजों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, जिले में 15 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग उम्मीद लगाए बैठा था कि नवंबर के दूसरे सप्ताह के बाद डेंगू के मामले कम होने शुरू होंगे। 17 नवंबर को पांच और 18 नवंबर को चार नए मरीज मिले थे, लेकिन 19 नवंबर को अचानक सात नए मरीज बढ़ गए। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 19 मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है, जबकि निजी व सरकारी अस्पतालों में सरकारी आंकड़ों से कहीं ज्यादा मरीज भर्ती हैं। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें