ग्रेटर नोेएडा। शिवनाडर विश्वविद्यालय से प्रभावित किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा देने, गांव के विकास कराने और रोजगार देने समेत कई मांगों के संबंध में किसानों ने गेट पर प्रदर्शन किया। जय जवान जय किसान मोर्चा के संयोजक सुनील फौजी और किसान संघर्ष समिति के प्रवक्ता मनवीर भाटी के नेतृत्व में चिटहेरा गांव के किसान शुक्रवार को विवि के गेट पर धरने पर बैठ गए। धरने में महिलाएं भी शामिल रहीं।
किसानों ने बताया कि वर्ष 2007 और 2008 में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीएसआईडीसी) ने चिटहेरा की जमीन को अधिग्रहण करके विश्वविद्यालय को दिया था। इसके लिए गांव का विकास कराने, रोजगार देने, विकसित आवासीय भूखंड देने और ग्रेनो की तर्ज पर सुविधाएं देने का 2013 में लिखित समझौता हुआ था। धरने में मनवीर भाटी, रणसिंह, शैंकी भाटी, मनीष भाटी, अरविंद नागर, कपिल गुर्जर, बलराज भाटी समेत काफी किसान मौजूद रहे। वहीं विश्वविद्यालय, यूपीएसआईडीसी, प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने धरने पर बैठे किसानों से बात की। किसानों को आश्वासन दिया गया है कि बुधवार को फिर से बात होगी। इसके बाद गांव में काम शुरू कर दिया जाएगा। काम शुरू कराने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है। इस पर किसानों ने धरना स्थगित कर दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर काम शुरू नहीं हुआ तो फिर से धरना देंगे।