दादरी थाना क्षेत्र के गैंगस्टर इमरान के मकान को कुर्क करने के बाद दीवार पर लिखा न्यायालय द्वारा ज
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस गैंगस्टरों और माफिया पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में जारचा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत नई आबादी स्थित एक मकान जब्त किया है। वहीं, एक अन्य आरोपी की टीवी और बाइक जब्त की गई है। उधर बाइक बोट फर्जीवाड़े के निदेशक रहे मेरठ निवासी विनोद कुमार का दो मंजिला मकान, प्लॉट व कृषि भूमि समेत लगभग 1.63 करोड़ की संपत्ति जब्त करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों सुंदर भाटी गिरोह के नवीन भाटी व उसके भाई प्रवीण भाटी की फॉर्च्यूनर समेत वाहन और संपत्ति जब्त करने के आदेश जारी गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जारचा कोतवाली क्षेत्र के गैंगस्टर एक्ट के आरोपी रमेश उर्फ बंटी निवासी लोनी गाजियाबाद की बाइक और टीवी जब्त की गई है। इनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये है। वहीं एक अन्य गैंगस्टर दादरी के नई आबादी निवासी इमरान का आवासीय मकान जब्त किया गया है। इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मकान की दीवार पर आदेश चस्पा कर दरवाजे पर सील लगा दी है। आरोपियों पर लूट व गोकशी के मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इधर, मूलरूप से दनकौर के रामपुर माजरा और फिलहाल अल्फा-2 निवासी नवीन भाटी और उसके भाई प्रवीण भाटी पर गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत अवैध धन से अर्जित संपत्ति टीवीएस मोपेड, मारुति स्विफ्ट वीडीआई और फॉर्च्यूनर जब्त करने के आदेश जारी किए गए हैं। नवीन और प्रवीण सुंदर भाटी गिरोह से जुड़े हैं और सिंहराज भाटी के भतीजे हैं।
वहीं, बाइक बोट फर्जीवाड़े के आरोपी मेरठ के ढिकौली निवासी विनोद कुमार की अवैध धन से अर्जित पांडव नगर स्थित आवासीय भवन, ईसापुर कॉलोनी स्थित आवासीय प्लाट, नगला जरीफ स्थित कृषि भूमि जब्त करने का आदेश पारित किया गया है। इन सभी की कुल अनुमानित कीमत 1.63 करोड़ रुपये है।