पड़ोसी युवकों ने साथियों के साथ मिलकर वारदात को दिया अंजाम
पीड़ित अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डाबड़ी में कार खड़ी करने के विवाद में पड़ोसी युवकों ने प्रॉपर्टी डीलर प्रियांक को गोली मार दी। एक गोली सीने को छूते हुए निकल गई, लेकिन छर्रे हाथ में लगने से प्रियांक घायल हो गए। प्रियांक ने बहन के घर में घुसकर जान बचाई। मौके पर पहुंचे पीसीआर कर्मियों ने पीड़ित को डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, प्रियांक (22) सपरिवार उत्तम नगर इलाके में रहते हैं। प्रियांक ने शिकायत दी है कि 23 जून को वे घर के पास कार खड़ी कर रहे थे। साथ में दोस्त तौफिक भी था। इसी दौरान पड़ोसी नाजिम व यूनुस वहां आए और कार खड़ी करने की बात कहकर झगड़ा करने लगे। शोर शराबा होने पर लोग वहां पहुंचे और उन्हें समझाकर घर भेज दिया। 26 जून की रात वे तौफिक के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आसिफ ने तौफिक को फोन किया। उसने 23 जून को हुए झगड़े को सुलझाने के लिए बातचीत करने की बात कही और डी ब्लॉक आने के लिए कहा। प्रियांक दोस्त के साथ रविदास मंदिर के पास पहुंचे। यहां नाजिम और आसिफ मिले। बातचीत के दौरान दोनों प्रियांक के साथ मारपीट करने लगे। दोनाें उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। इस बीच आरोपियों के दो परिचित अनस और बाबू भी आ गए। दोनों ने पिस्टल निकालकर प्रियांक पर गोली चला दी। गोली लगने से प्रियांक घायल हो गए। तौफिक ने प्रियांक को बचाने की कोशिश की। हमलावरों ने उस पर भी गोली चलाई गई, लेकिन तौफिक बच गया। इसी बीच मौका पाकर प्रियांक भागकर बहन के घर में घुस गए। मौके पर पहुंची डाबड़ी थाने की पुलिस ने पीड़ित के बयान पर हत्या के प्रयास मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।