- अदालत के आदेश पर दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। पेंट की दुकान से एक करोड़ का उधार लेकर पैसा नहीं देने और धमकाने के मामले में अदालत के आदेश पर कासना पुलिस ने दिल्ली के दो भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कंस्ट्रक्शन साइट पर बड़ी मात्रा में पेंट की खपत होने की बात कहते हुए आरोपी मनीष और निर्मल जैन ने पीड़ित विकास जैन की दुकान से माल उठाया था।
बीटा-2 क्षेत्र के स्वर्ण नगरी के निवासी विकास जैन की कासना में पेंट की दुकान है। विकास ने बताया कि दिल्ली निवासी दो ठेकेदार भाई मनीष जैन और निर्मल जैन कुछ दिनों पहले उनके पास आए थे। दोनों ने कहा कि उनका बड़ी कंस्ट्रक्शन साइट पर काम चल रहा है। बड़े पैमाने पर पेंट, पुट्टी, वार्निश आदि मटेरियल की जरूरत है। आरोपियों ने यह कहते हुए दुकान से पेंट आदि उठाना शुरू कर दिया। मटेरियल की अधिक मात्रा को देख विकास ने अपने चचेरे भाइयों की दुकान से सप्लाई की। धीरे-धीरे आरोपियों पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा उधार हो गया। पैसे मांगने पर आरोपियों ने थोड़ा पैसा दिए और पेमेंट का आश्वासन देकर आपूर्ति जारी रखने को कहा।
कुछ दिन बाद पैसे मांगने पर आरोपियों ने ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी का फ्लैट बेचने की बात कही। आरोपियों को विकास को फ्लैट के फर्जी दस्तावेज थमा दिए। विकास पैसा मांगने आरोपियों के दिल्ली ऑ़फिस पहुंचा। आरोप है कि वहां उनके साथ गाली गलौज कर धमकी दी गई। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। निराश होकर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने कासना पुलिस को इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। कासना थाना प्रभारी के मुताबिक अदालत के आदेश के बाद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।