पलवल। एसडीएम वैशाली सिंह ने कहा कि जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची अपडेट की जाएगी। यह कार्यक्रम एक नवंबर से 30 नवंबर तक चलाया जाएगा। जिसमें सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक मतदाताओं से दावे व आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके अलावा सभी मतदाताओं को अवसर देने के उद्देश्य से शनिवार व रविवार के दिनों में 6 व 7 नवंबर तथा 26 व 27 नवंबर की तिथियों में भी सभी मतदान केंद्रों पर शाम 5 बजे तक दावे व आपत्तियों के संबंध में फार्म जमा करवाए जा सकते हैं।
मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए एसडीएम ने दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला पलवल के तीनों विधानसभा चुनाव क्षेत्र हथीन, होडल व पलवल की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का एक जनवरी 2022 की क्वालीफाइंग तिथि के अनुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2022 के लिए प्रारंम्भिक प्रकाशन एक नवंबर को किया जाएगा।
इस अवसर पर नगराधीश अंकिता अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार बघेल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी गौतम कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र बजाड़, तहसीलदार चुनाव दिनेश कुमार, नायब तहसीलदार पलवल अशोक कुमार, नायब तहसीलदार हथीन कुलवंत, कानूनगो कृष्ण कुमार तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
फोटो 24पीएएलपी-13 में है।
कैप्शन: पलवल में बैठक लेते हुए एसडीएम