नई दिल्ली। छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के मामले में जल्द ही पूरक आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। दिल्ली पुलिस की ओर से ये जानकारी अदालत को दी गई है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार को मुख्य आरोपी बनाते हुए 13 आरोपियों के खिलाफ दो अगस्त को आरोपपत्र दाखिल किया था। हालांकि मामले में कुल 17 आरोपी हैं।
रोहिणी जिला अदालत के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शिवाजी आनंद के समक्ष इंस्पेक्टर मंगेश त्यागी ने कहा कि अन्य आरोपियों के संबंध में पूरक आरोपपत्र जल्द दाखिल किया जाएगा। अदालत ने पुलिस के इस तर्क को चार अक्तूबर के अपने आदेश में रिकार्ड पर ले लिया।
पेश मामले में आरोपपत्र दाखिल होने के बाद सुशील कुमार ने जमानत याचिका दायर की है। याचिका में सुशील ने कहा है कि उसके खिलाफ पुलिस ने झूठा केस बनाया है। उसका कहना है कि पुलिस ने उसकी छवि एक दोषी के रूप में पेश की।
दिल्ली पुलिस ने अपने आरोपपत्र में कहा था कि छत्रसाल स्टेडियम में हुई मारपीट सुशील कुमार द्वारा रची गई साजिश का नतीजा थी। उसने यह साजिश जूनियर पहलवानों के बीच अपना वर्चस्व दोबारा कायम करने के लिए रची थी। इस मामले में सुशील कुमार दो जून से हिरासत में है।
पुलिस ने अपने आरोपपत्र में सागर के मृत्यु पूर्व दिए मौखिक बयान, सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों, हथियार और मौके से बरामद वाहनों पर भरोसा जताया है। पुलिस ने हत्या, हत्या का प्रयास, गैर इरादतन हत्या, आपराधिक साजिश, अपहरण, लूटपाट, दंगा समेत अन्य धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया था।