ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्घ नगर जिला कारागार में बंद बाइक बोट फर्जीवाड़े के आरोपियों पर कानून का शिकंजा कस रहा है। अब आरोपियों पर चेक बाउंस केस में भी अदालत सख्ती दिखा रही है। जयपुर की अदालत ने वारंट जारी कर संजय भाटी और करणपाल को 10 सितंबर को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है।
देश के लाखों निवेशकों से अरबों रुपये की ठगी के बाद बाइक बोट के आरोपियों ने पीड़ितों का रुपया वापस देने बंद कर दिया था। बड़ी संख्या में निवेशक दादरी के कोट गांव स्थित दफ्तर और दनकौर के चीती स्थित संजय भाटी के घर पर पहुंच रहे थे। इस दौरान संजय भाटी के भाइयों ने करणपाल के साथ मिलकर निवेशकों को अग्रिम तिथि के चेक सौंपा था। दूसरे जिले व राज्यों के निवेशकों को पोस्ट कर भी चेक भेजे गए थे लेकिन यह सभी चेक तिथि आने तक बाउंस हो गए और आरोपी फरार हो गए।
निवेशकों का कहना है कि चेक पर करणपाल के नाम के हस्ताक्षर थे लेकिन हस्ताक्षर बड़ी संख्या में चेक होने के कारण कई अलग-अलग लोगों ने किए थे। जयपुर के निवेशक मामराज शर्मा के वकील मुनीर खान ने बताया कि जयपुर की अदालत ने चेक बाउंस केस में संजय भाटी और करणपाल को 10 सितंबर को कोर्ट में पेश करने के लिए वारंट जारी किया है।