अवैध निर्माण ध्वस्त करने गई प्राधिकरण की टीम का विरोध
-विरोध करने वालों ने खुद पर भी उड़ेला ज्वलनशील पदार्थ, आग लगाने की दी धमकी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-104 हाजीपुर में शनिवार को अवैध निर्माण ध्वस्त करने पहुंची प्राधिकरण की टीम का लोगों ने विरोध किया। इस दौरान उन लोगों ने खुद पर डीजल डालकर आग लगाने की धमकी दी। आरोप है कि प्राधिकरण की टीम पर भी डीजल फेंक कर जलाने की धमकी दी गई गई। करीब 45 मिनट तक चले हंगामे के बाद नोएडा प्राधिकरण की टीम वहां से वापस लौट गई। प्राधिकरण ने इस बाबत सेक्टर-39 थाने में विरोध करने वालों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने की एफआईआर दर्ज कर ली है।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे नोएडा प्राधिकरण की टीम सेक्टर-104 के हाजीपुर में खसरा नंबर-412 के निर्माणाधीन अवैध इमारत के इंटीरियर को तोड़ने के लिए पहुंची। स्थानीय लोगों ने टीम को इमारत के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद प्राधिकरण के दस्ते के साथ उनकी जमकर बहस हुई। इसी दौरान इनमें से एक व्यक्ति ने अपने आप पर डीजल उड़ेल लिया और आगे बढ़ने पर आग लगाने की धमकी दी। मौके पर मौजूद नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का आरोप है कि दो प्रबंधकों और एक सहायक प्रबंधक पर भी डीजल उड़ेल कर जलाने की धमकी दी गई। हालांकि वहां मौजूद प्रबंधक कार्रवाई के लिए अड़े रहे।
इस दौरान विरोध करने वाले और लोग भी एकत्रित हो गए। करीब 30-40 की संख्या में लोग प्राधिकरण और स्थानीय पुलिस को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्राधिकरण की ओर से भी वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जूनियर इंजीनियर लोकेश शर्मा की शिकायत पर सेक्टर-39 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
निर्माणाधीन इमारत में चल रहा था फिनिशिंग का काम
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि निर्माणाधीन इमारत में फिनिशिंग का काम चल रहा था। कुछ दिन पहले भी इसी इमारत के इंटीरियर को प्राधिकरण ने ध्वस्त किया था और सीलिंग की कार्रवाई की थी। इस मामले में जेई को निलंबित भी किया गया था।
प्राधिकरण की टीम हाजीपुर में अवैध निर्माण तोड़ने गई थी। वहां इनका विरोध हुआ। कुछ लोगों ने अपने आप पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया और खुद को जलाने की धमकी दे रहे थे। मामले में सरकारी काम में बाधा डालने संंबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
प्रवीण सिंह, एसीपी-1, गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट
सुशील पांडेय