कोई भी खिलाड़ी तभी बेहतर प्रदर्शन कर सकता है, जब उसकी फिटनेस अच्छी हो। पूरी तरह से फिट खिलाड़ी दूसरे खिलाड़ियों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करता है। जनपद में खिलाड़ियों को फिट रखने के लिए जिम जैसी कोई सुविधा नहीं मिलने से वह बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे, लेकिन अब मलकपुर स्टेडियम में खेल के साथ फिटनेस का भी खिलाड़ी अच्छे से ध्यान रख सकेंगे। खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से ओपन जिम की सौगात इसी माह से मिलने वाली है।
जिले में जिम की सुविधा न होने के कारण कई खिलाड़ियों को निजी जिम की ओर जाना पड़ता था और कई खिलाड़ी खुद से ही घर में अभ्यास करते थे। कई खिलाड़ियों को खेल में बेहतर होने के बावजूद अनफिट होने की वजह से बाहर होना पड़ता था। लेकिन, अब उन्हें स्टेडियम में ही सभी सुविधाएं मिलेंगी। फिट इंडिया अभियान के तहत शासन की ओर से करीब 25 लाख की लागत से ओपन जिम को तैयार किया जा रहा है। नेटबॉल कोच शीलांकुर ने कहा कि युवा कोच को प्रत्येक खिलाड़ी के लिए अलग-अलग ट्रेनिंग शेड्यूल बनाना चाहिए। जिससे उसके हिसाब से खिलाड़ी ट्रेनिंग हासिल कर सकें। प्रत्येक खिलाड़ी की क्षमता अलग-अलग होती है। इसलिए खिलाड़ी की क्षमता को ध्यान में रख शेड्यूल तैयार करना चाहिए।
नहीं देना होगा कोई अतिरिक्त शुल्क
स्टेडियम में जुडो, बॉक्सिंग, कबड्डी, बॉस्केवाल, नेटवॉल, एथलीट के करीब 400 से अधिक खिलाड़ी प्रतिदिन अभ्यास के लिए आते हैं। अभी तक उन्हें फिटनेस की कोई सुविधा नहीं मिल रही थी। उन्हें सुबह और शाम को अभ्यास के दौरान वॉर्मअप कराया जाता था, लेकिन अब उन्हें ओपन जिम में पसीना बहाने का मिलेगा। इसके लिए उन्हें कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
ओपन जिम में होगी यह मशीनें
ओपन जिम में लेग प्रेस, चेस्ट प्रेस डबल, स्टैंडिंग व सीटिंग उपकरण, सीटेड पुलर, सर्फिंग बोर्ड, पोमेलो हार्स, चेस्ट कम सीटेड पुलर, डबल ट्विस्टर, पुशअप बार सहित कई उपकरण लगाये गए हैं। ओपन जिम का कार्य अंतिम दौर में चल रहा है। अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से खिलाड़ी इस सुविधा का लाभ उठा पाएंगे। इससे उनका खेल और बेहतर हो जाएगा। शासन की ओर से ओपन जिम की व्यवस्था खिलाड़ियों के लिए की गई है। 15 से अधिक मशीनें स्टेडियम में लग गई हैं। किसी भी स्टेडियम में अभी तक खिलाड़ियों के लिए जिम की सुविधा नहीं थी - अनीता नागर,उप क्रीड़ा अधिकारी