जेवर। सल्लियान मोहल्ले में बुधवार को डेंगू के चार संदिग्ध मरीज मिले हैं। एक मरीज को गंगाराम अस्पताल व दूसरे को एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो मरीजों को नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन मरीजों के मिलने के बाद नगर पंचायत की नींद टूटी है। पंचायत ने साफ-सफाई के साथ फॉगिंग भी शुरू करा दी है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को मरीजों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। चार मरीजों को बुखार आया था। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद तीन मरीजों के परिजन ने डेंगू से पीड़ित होने की जानकारी दी है। मोहल्ला निवासी कमल ने बताया कि उनके बेटे सागर (12) को रविवार को बुखार आया था। उसे जेवर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। छोटे बेटे आर्यन को भी मंगलवार को बुखार आ गया। डॉक्टर ने दोनों को डेंगू का संदिग्ध मरीज बताया है।
उनके पड़ोसी मुकेश राय के बेटे अजय (25) को छह दिन पूर्व बुखार आया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने एम्स में भर्ती कराया है। उन्होंने फोन पर बताया कि अजय को डेंगू हुआ है। इसी मोहल्ले में रहने वाले वेदप्रकाश के बेटे कुलदीप को भी डेंगू के लक्षण मिलने पर सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक साथ डेंगू के चार संदिग्ध मरीज मिलने पर नगर पंचायत हरकत में आ गया है। नगर पंचायत के अधिकारी लोगों से टंकी, कूलर और बाल्टी में पानी एकत्रित नहीं करने की अपील कर रहे हैं। वहीं, जेवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. पवन से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए चारों मरीजों की जानकारी व्हाट्स एप पर मांगी है। उन्होंने कहा कि केंद्र में सामान्य बुखार के मरीज आ रहे हैं। अब तक किसी भी मरीज में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है।
ओपीडी में बुखार और पेट दर्द के मरीज बढ़े
जिला अस्पताल में बुखार और पेट दर्द के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को ओपीडी में अधिक मरीज पहुंचने से व्यवस्था गड़बड़ा गई। डॉक्टरों के कमरे के बाहर से लेकर पर्ची बनवाने के काउंटर पर भी भीड़ जुटी रही। इस समय कई तरह के बुखार ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं, इलाज के मारामारी से और भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल में पहुंचे मरीजों को पहले पर्ची बनवाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। इसके बाद डॉक्टरों के परामर्श के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इस कोरोना नियमों का भी उल्लंघन हुआ। वहीं, चिकित्सक मरीजों को इलाज के साथ पानी उबालकर पीने और सफाई पर अधिक ध्यान देने की सलाह दे रहे हैं। डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि इस समय बुखार, जुकाम और वायरल के अधिक मरीज आ रहे हैं। ऐसे में सावधानी बरतने की आवश्यकता है।