फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माता वैष्णो देवी हादसा: भगदड़ में दादरी के चालक की मौत

विज्ञापन
मोनू का फाइल फोटो। संवाद - फोटो : Grnoida
विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा/दादरी। तीन दिन पहले नोएडा निवासी एक परिवार को जम्मू लेकर गए दादरी निवासी चालक मोनू शर्मा (32) की माता वैष्णो देवी के दर्शन के दौरान हुई भगदड़ में मौत हो गई। मूलरूप से मेरठ के गांव भोले की झाल निवासी मोनू दादरी नगर के मोहल्ला न्यादर गंज में किराये पर रहता था। पहले वह ओला कैब चलाता था। कुछ दिन पहले ही उसने सेंट्रो कार खरीदी थी जिसे वह किराये पर चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। साथ ही, अन्य लोगों की गाड़ियां भी चलाकर कमाई करता था।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को नोएडा से एक परिवार को जम्मू जाना था। सुबह वह सेंट्रो से व्यक्ति के घर गया और अपनी गाड़ी खड़ी कर दी। इसके बाद व्यक्ति की कार में परिवार को लेकर शुक्रवार सुबह जम्मू पहुंच गया। यहां उसने माता के दर्शन करने की इच्छा जताई। इस पर साथ गए परिवार ने उसे कटरा की बस में बैठा दिया। रात को उसने दर्शन के लिए चढ़ाई शुरू कर दी, लेकिन शनिवार तड़के भगदड़ में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की। कटरा से दादरी तहसील में सूचना दी गई। इसके बाद परिजन तहसील में पहुंच गए। तहसीलदार विवेकानंद मिश्रा का कहना है कि मोनू के शव को दादरी मंगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही शव परिवार को सौंप दिया जाएगा। साथ ही, परिवार को भी आर्थिक मदद के लिए शासन को रिपोर्ट भेजने की तैयारी की जा रही है।
अंतिम बार पत्नी और छोटे भाई से हुई थी बात
माता के भवन से तीन किलोमीटर पहले मोनू ने पत्नी श्वेता देवी व छोटे भाई बॉबी से मोबाइल फोन पर बात की थी। उस दौरान परिवार के सभी लोगों के बारे में पूछने के बाद उसने बताया था कि वह दर्शन करने के बाद फिर से बात करेगा।
विज्ञापन

बड़े भाई की एक साल पहले हुई थी मौत
परिजन रामकिशन ने बताया कि एक साल पहले बड़े भाई हर गुलाल की मौत हो गई थी। भाई की पत्नी से ही मोनू का विवाह करा दिया गया था। हर गुलाल की चार व आठ वर्ष की दो लड़कियां और दस वर्ष का एक लड़का है। पिता और एक भाई गांव में रहते हैं। लोगों ने बताया कि मोनू ने पहले दादरी तहसील में लेखपाल की गाड़ी पर चालक के रूप में काम शुरू किया था। गाड़ी चलाने के साथ ही तहसील में भी छोटे-मोटे काम करता रहता था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें