नोएडा। नए साल पर सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के पास तड़के करीब 3:30 बजे कार सवार कुछ युवकों ने सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया। इसके साथ बीयर की बोतलें अन्य कारों पर फेंकी। इससे एक ऑडी का शीशा टूट गया और उसमें सवार बच्चे और महिला बच गई। इसके विरोध पर आरोपियों ने पीड़ित परिवार का काफी दूर तक पीछा भी किया। इसके बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-51 निवासी परिवार के सदस्य दो कारों से नए साल की पार्टी मनाने के बाद घर लौट रहे थे। सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के पास एक वरना कार अचानक गलत दिशा से सामने आ गई और पीड़ित परिवार की एक गाड़ी से टकराते बची।
जब पीड़ित परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपी उत्पात करने लगे। बच्चे और महिलाओं के कारण पीड़ित कार लेकर आगे चल दिया। इस पर आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया और एक ऑडी पर बीयर की बोतलें फेंक दीं। इससे कार का पीछे का शीशा टूट गया। आरोपियों ने इस्कॉन मंदिर तक पीछा किया। पीड़ित किसी तरह घर पहुंचे और मामले की जानकारी आरडब्ल्यूए को दी। आरडब्ल्यूए की ओर से संजीव कुमार ने पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना दी और न्याय की गुहार लगाई। मामले में एडीसीपी रणविजय सिंह का कहना है कि घटना मेरे संज्ञान में है। घटनास्थल से लेकर करीब दो किलोमीटर तक क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगालकर कार का नंबर जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कॉलेज में शिक्षकों से अभद्रता का आरोप
कोतवाली क्षेत्र स्थित किसान आदर्श इंटर कॉलेज के शिक्षकों के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। प्रधानाचार्य की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रधानाचार्य मनोज नागर ने बताया कि कॉलेज में खेल प्रतियोगिताएं चल रही हैं। शनिवार को दो युवक पहुंचे और हुड़दंग करने लगे। जब शिक्षकों ने बाहर जाने के लिए कहा तो अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान अन्य छात्र भी वहां पहुंच गए। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
बैट से पीटकर युवक को घायल
क्रिकेट बैट वापस मांगने पर पड़ोसियों ने युवक को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत दी है। पीड़ित परमजीत का कहना है कि दो दिन पहले पड़ोस में रहने वाले दोस्त ने बैट खेलने के लिए लिया था। शनिवार को जब उसने बैट मांगा तो आरोपी ने परिजनों व अन्य दो युवकों के साथ मिलकर उसके ही बैट से पिटाई कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।