बड़कली चौक अहीर रेजिमेंट ओर मेवात रेजिमेंट के लिए जन हस्ताक्षर अभियान चलाते लोग।
- फोटो : Gurgaon
फिरोजपुर झिरका/नगीना। अहीर रेजिमेंट और मेव रेजीमेंट के लिए रविवार को जन हस्ताक्षर अभियान बड़कली चौक पर चलाया गया। सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर किए और अपना समर्थन दिया। सामाजिक संगठनों के बैनर तले चलाए गए अभियान में लोगों ने बताया कि गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास धरना चल रहा है। इसका पूरा समर्थन करते हैं तथा विजय यादव के संघर्ष को सलाम करते हैं।
जलालपुर फिरोजपुर गांव के सरपंच महेंद्र सिंह ने कहा कि अहीरवाल में यादव और मेवात क्षेत्र में मेव बहादुर कौम है। इनके लिए अलग-अलग रेजिमेंट का गठन किए जाने की आवश्यकता है। देश में 32 रेजीमेंट हैं। केंद्र सरकार को अति शीघ्र अहीर और मेव रेजिमेंट का गठन करना चाहिए। रजत पदक विजेता उमरदीन ने बताया कि देश के लिए राजा हसन खान मेवाती ने राणा सांगा के साथ लड़ते हुए एक दिन में 12 हजार मेवाती सैनिकों की कुर्बानी दी थी। समाजसेवी अब्बास नगीना, नियामत बड़कली ने कहा कि रेवाड़ी की धरती से प्रधानमंत्री ने वन रैंक-वन पेंशन की शुरुआत की थी। यादव समाज के बलिदान के मद्देनजर प्रधानमंत्री तत्परता दिखाएं और अहीर रेजिमेंट के गठन पर मोहर लगाएं, ताकि यहां के सैनिकों को पूर्ण सम्मान मिल सके। डॉ. अब्दुल सलाम ने बताया कि जाट, राजपूत, सिख, डोगरा, गोरखा, गढ़वाल, कुमाऊं, असम, महार, नागा रेजिमेंट के गठन से हरियाणा को प्रतिनिधि नहीं मिलता है। हरियाणा प्रदेश के अहीरवाल व मेवात के युवाओं की दिलेरी की दुनिया कायल रही है। इन क्षेत्रों का सेना में अलग से रेजिमेंट बनाने की दरकार है। इस मौके पर मोहम्मद इंसाफ, मुस्तफा शादीपुर, रियाजू, अलीम नंबरदार, वहीद, जुबेर जलालपुर, इकराम समेत मेवात आरटीआई मंच, गालिब मौजी खान चैरिटी, जागो चलो महिला संगठन मौजूद रहे।