नूंह। खंड के गांव देवला नगली में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को फंदे पर लटकाकर मार डाला। इस मामले में वरिशा के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पति जैकम, सास आशिया, ससुर शेरमल, जेठ खुर्शीद और शकूर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, अलवर जिले के छीतर का बास मातोर निवासी जुमरदीन ने बेटी वरिशा की निकाह करीब 3 वर्ष पहले गांव देवला नगली में निजाम पुत्र शेरमल के संग किया था। शादी में अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज भी दिया। लेकिन, ससुराल पक्ष के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं थे और वरीशा को अक्सर दो लाख की नकदी और मोटरसाइकिल के लिए तंग करते थे। वरीशा के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 जून को उनके पास सुबह करीब 9 बजे ससुराल पक्ष की तरफ से फोन पर बताया गया कि वरिशा की मौत हो चुकी है। इसकी सूचना मिलते ही परिवार गांव देवला नगली पहुंच गया। वहां पर देखा कि वरिशा मृत पड़ी है और गले पर फंदे के निशान है। पीड़ित पक्ष बताया कि इस मामले की सूचना नजदीकी पुलिस चौकी जयसिंहपुर थाना सदर नूंह को दी। चौकी इंचार्ज जयसिंहपुर अनूप सिंह ने बताया कि विवाहिता के परिजनों की तरफ फोन द्वारा सूचना दी गई थी कि उनकी बेटी वरिशा को गांव देवला नंगली में फंदा लगाकर मार डाला। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई और मौके का मुआयना किया। वरिशा का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, वरिशा के परिजनों के बयानों पर पति जैकम, सास आशिया, ससुर शेरमल, जेठ खुर्शीद और शकूर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ।