बहुजन समाज पार्टी ने जेवर के बाद दादरी विधानसभा से भी गुर्जर प्रत्याशी उतारा है। बृहस्पतिवार को दादरी के बादलपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन में पश्चिमी यूपी के प्रभारी शमशुद्दीन राइन ने किसान नेता मनवीर भाटी को प्रत्याशी घोषित किया।
बादलपुर स्थित गेस्ट हाउस के सामने बृहस्पतिवार को बसपा ने दादरी विधानसभा का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। इस मौके पर राइन ने कहा कि बसपा शासन में आठ लाख लोगों को रोजगार मिला था। कानून व्यवस्था अच्छी थी। हर वर्ग खुशहाल था, लेकिन अब केंद्र और प्रदेश सरकार अच्छे दिन के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही हैं। एयरपोर्ट की नींव रखने का काम बसपा सरकार ने किया था, ताकि जिले में रोजगार के नए अवसर खुलें।
सम्राट मिहिर भोज के नाम से गुर्जर शब्द हटाकर सरकार ने गुर्जर समाज को अपमानित किया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने महापुरुषों का सम्मान किया है। देश में महंगाई बढ़ती जा रही है। पेट्रोल-डीजल की कीमत आसमान छू रही है। ऐसे में भाजपा को हराने के लिए दादरी विधानसभा से मनवीर भाटी पार्टी के प्रत्याशी होंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मंत्री राजकुमार गौतम, मेरठ मंडल के सेक्टर प्रभारी सिंहराज जाटव, जिलाध्यक्ष लखमी सिंह, मनोज जाटव, बिजेन्द्र भाटी, जेवर विधान सभा के प्रभारी नरेन्द्र भाटी, आरपी सिंह, रविन्द्र भाटी, विनोद गौतम, रामकुमार प्रधान, रामप्रसाद समेत अन्य मौजूद रहे।
तीन में से दो सीट पर गुर्जर उतारे
बसपा ने जेवर और दादरी विधानसभा सीट से गुर्जर प्रत्याशियों पर दांव खेला है। पूर्व मंत्री राजकुमार गौतम ने कहा कि यह गुर्जर बाहुल्य क्षेत्र है। यहां अभी तीन में से केवल एक विधायक गुर्जर है। पार्टी तीन में से दो पर गुर्जर विधायक देखना चाहती है।