सोसायटी निवासी युवक को पीटते सुरक्षा गार्ड
- फोटो : अमर उजाला
इंटरनेट लगाने के लिए चाबी को लेकर हुई कहासुनी के बाद नोएडा सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी के सिक्योरिटी इंचार्ज व गार्डों ने सोसाइटीवासी की लाठी डंडो से बेरहमी से पिटाई कर दी। बुधवार दोपहर हुई पिटाई से पीड़ित बेहोश हो गया। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने सोसाइटी के अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (एओए) अध्यक्ष तेज प्रकाश, सचिव संजय सिंह, सिक्योरिटी इंचार्ज समेत 20 से अधिक गार्डों पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले में सिक्योरिटी इंचार्ज समेत 8 गार्डों को हिरासत में ले लिया है।
सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी की 17वीं मंजिल पर सुरेश कुमार सिंह सपरिवार रहते हैं। सुरेश को अपने घर में इंटरनेट कनेक्शन लगवाना था। इसके लिए टावर में लगे पैनल की चाबी के लिए उन्होंने मंगलवार को ही परमिशन ले लिया था। कुछ काम अधूरा रहने के कारण बुधवार को उन्होंने टावर गार्ड से चाबी मांगी थी।
गार्ड ने चाबी देने से मना किया तो उन्होंने सोसाइटी के हेल्पडेस्क पर बात की लेकिन बात नहीं हो पाई। इसी दौरान उनकी चाबी को लेकर गार्ड से बहस हो गई। गार्ड से चाबी लेकर सुरेश काम कराने 17वीं मंजिल पर चले गए। कुछ देर के बाद वह जैसे ही नीचे उतरे कि 15 से 20 गार्डों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि सिक्योरिटी इंचार्ज अमलेश, कृष्णकांत, जावेद ने लाठी, लोहे के रॉड, क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। करीब चार से पांच मिनट तक सिक्योरिटी इंचार्ज व गार्डों ने बेरहमी से सुरेश की पिटाई कर दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित ने इस घटना के बाद सोसाइटी के अध्यक्ष तेज प्रकाश व सचिव संजय सिंह पर भी शामिल होने की बात कही है। एडीसीपी रणविजय सिंह का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने सोसाइटी के अध्यक्ष तेज प्रकाश, सचिव संजय सिंह, सिक्योरिटी इंचार्ज अमलेश, कृष्णकांत, जावेद समेत अन्य गार्डों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने सिक्योरिटी इंचार्ज समेत 8 गार्डों को हिरासत में ले लिया है।