मुख्य सचिव के साथ तेहखंड और ओखला में किया दौरा, कहा- मुख्यमंत्री ले संज्ञान
कहा- काफी समस्याएं मिलीं, जो विभागों की लापरवाही को दिखाती हैं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्य सचिव नरेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों के साथ शनिवार को उपराज्यपाल ने तेहखंड और ओखला का दौरा किया। उन्होंने जेजे क्लस्टर में रहने वाले लोगों से बातचीत कर समस्याओं का जायजा लिया।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया पर क्षेत्र की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि दिल्ली के हर हिस्से से लगातार जनसुविधाओं के अभाव की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इसी संदर्भ में गोलाकुआं तेहखंड स्थित जेजे क्लस्टर, संजय कॉलोनी, ओखला जाकर जमीनी हकीकत को देखा। यहां पर काफी समस्याएं मिलीं, जो विभागों की लापरवाही को दिखाती हैं। हजारों लोग गंदे नालों, जर्जर हालत में पड़े घर, कचरे के ढेर, नालों से निकली गाद और बीमारियों के बीच जीवन बसर करने को मजबूर हैं। यह चिंता का विषय है। राजधानी में नागरिकों की ऐसी दुर्दशा वर्षों से उपेक्षा की वजह से हो रही है, जबकि दावा किया जा रहा था कि जेजे क्लस्टर में सुविधाओं का विकास किया गया। एलजी ने दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब), दिल्ली राज्य औद्योगिक व बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड (डीएसआईआईडीसी), दिल्ली नगर निगम और अन्य सभी संबंधित विभागों को साफ सफाई और जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने जेजे क्लस्टर की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री केजरीवाल से संज्ञान लेने को कहा है। एलजी ने लिखा कि मुख्यमंत्री से अनुरोध है कि इस गंभीर विषय का संज्ञान लें।