ग्रेटर नोएडा। यमुुना प्राधिकरण ने हाल ही में औद्योगिक भूखंड की स्कीम निकाली है। इसमें छोटे और बड़े साइज के भूखंड हैं। चार हजार वर्गमीटर से बड़े प्लॉट का आवंटन साक्षात्कार से होना है, लेकिन ज्यादा संख्या में आवेदकों के आने की वजह से यमुना प्राधिकरण ने इसका आवंटन भी ड्रॉ से कराने का फैसला किया है।
प्राधिकरण ने अलग-अलग सेक्टरों में 68 छोटे और 6 बड़े साइज के प्लॉट के लिए स्कीम निकाली है। इसमें आवेदन के लिए पूछताछ चल रही है। अधिकारियों के मुताबिक बड़े साइज के प्लॉट लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। मानक पर खरा उतरने वाले सभी आवेदकों के बीच ड्रॉ कराया जाएगा। इसके माध्यम से इन प्लॉटों का आवंटन होगा और पारदर्शिता बनी रहेगी। उनका कहना है कि एक प्लॉट पर एक से ज्यादा आवेदन आने पर इसका फैसला ड्रॉ से कराया जाएगा। अधिकारियों का यह भी कहना है कि एकमुश्त राशि जमा करने वालों को आवंटन में तरजीह दी जाती रही है, लेकिन एक से ज्यादा आवेदनकर्ता एकमुश्त राशि जमा करने के लिए आगे आते हैं तो उनका फैसला भी ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा। वहीं, कॉमर्शियल के लिए दुकानों व कियोस्क की स्कीम भी लांच कर दी गई है। इसमें भी जल्द आवेदन का मौका मिलेगा। इससे राजस्व की प्राप्ति होगी। सीईओ अरुणवीर सिंह ने बताया कि बड़े साइज के प्लॉट पर एक से ज्यादा आवेदन आने पर आवंटन का फैसला ड्रॉ से होगा। इससे पारदर्शिता बनेगी रहेगी।