बेटी की शादी के लिए बनवाए थे गहने, फीस के लिए रखे थे पैसे
परिवार गया था जगन्नाथपुरी दर्शन, घर लौटने पर चोरी का पता चला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मायापुरी में सेना के सूबेदार के घर से बदमाशों ने लाखों के गहने और नकदी चुरा ली। परिवार के सभी सदस्य जगन्नाथपुरी दर्शन करने गए हुए थे। दिल्ली पहुंचने पर चोरी का पता चला। चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, श्रवण कुमार पांडे सपरिवार नांगल राया में एक घर में तीसरी मंजिल पर रहते हैं। उनकी तैनाती राजस्थान में है। बुधवार सुबह श्रवण ने घर में चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 20 जून को वे परिवार के साथ जगन्नाथपुरी गए थे। बुधवार सुबह परिवार के सभी सदस्य दिल्ली स्थित घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। कमरे में चारों तरफ कपड़े और खाली पर्स बिखरे पड़े थे। चोरों ने बेटी की शादी के लिए बनवाए गए गहनों के साथ-साथ 10 तोले सोने के गहने, पांच सौ ग्राम चांदी व बच्चों के फीस के लिए घर में रखे 30 हजार रुपये चुरा लिए। पुलिस को छानबीन करने के बाद घर से कुछ साक्ष्य मिले हैं।