नोएडा। दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। साथ ही प्रभावित देशों से आने वालों पर खास नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों की रिपोर्ट निगेटिव होने पर भी विभाग 14 दिन तक गतिविधियों पर नजर रखेगा। फिलहाल जिले में प्रभावित देशों से लौटने वाला कोई व्यक्ति नहीं मिला है। इस संबंध में केंद्र और राज्य सरकार से मिले निर्देशों के आधार पर विभाग कार्रवाई करेगा। दिल्ली एयरपोर्ट के रास्ते विदेशी नागरिक जिले में पहुंचते हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर पहले ही सरकार ने जांच के इंतजाम कर रखे हैं।
यात्री के पॉजिटिव होने की स्थिति में उसे एयरपोर्ट से इलाज के लिए भेजा जाएगा। वहीं, रिपोर्ट निगेटिव होने पर 7-14 दिन क्वारंटीन में रहने का निर्देश देकर घर भेज दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग जिले में आए ऐसे लोगों की निगरानी करेंगे। कोरोना से संबंधित लक्षण मिलने की स्थिति में नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के पास विदेश से आने वालों की सूची रहेगी। जिले में पहुंचने के बाद यदि पॉजिटिव मिलता है तो उसका इलाज जिम्स में होगा। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देश मिल गए हैं। जल्द ही प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देश भी मिल जाएंगे। निर्देश के अनुसार कार्य किया जाएगा।
जिम्स में मरीजों के इलाज की तैयारियां पूरी
जिम्स के निदेशक ब्रिगेडियर डॉक्टर राकेश गुप्ता ने बताया कि संस्थान किसी भी वैरिएंट से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। स्टाफ पूरी तरह से प्रशिक्षित है। जरूरत पड़ने पर और प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। संस्थान में अनुभवी डॉक्टरों की टीम के साथ पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन भी मौजूद है। जरूरत पड़ी तो यहां से अन्य अस्पतालों को भी ऑक्सीजन मुहैया कराई जाएगी। वहीं, स्वास्थ्य विभाग भी लगातार जिले के अस्पतालों को निर्देशित कर रहा है। विभिन्न विभागों की मदद से बाहर से आने वालों की जानकारी जुटाने की कवायद शुरू हो गई है। जिनोम सिक्वेंसिंग जैसे उपायों पर योजना बनाने के लिए शासन के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है।
जिले में नहीं मिला कोई नया रोगी
राज्य सरकार द्वारा जारी दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, 24 घंटे में जिले में कोई नया रोगी नहीं मिला है। वहीं, एक व्यक्ति ठीक भी हुआ है। जिले में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 62940 पर पहुंच गई है। जबकि, सक्रिय मरीजों की संख्या आठ है।