पुन्हाना। दो कमरों में चल रहे फर्जी अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापे मारकर दवाइयां और अन्य उपकरण जब्त किए है। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर धोखाधड़ी सहित आधा दर्जन धाराओं के तहत किया मामला दर्ज कर एक आरोपी को किया गिरफ्तार किया है।
सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. कपिल देव ने बताया कि उच्च अधिकारियों को शिकायत मिली की पुन्हाना के जुरहेड़ा मार्ग पर आलिया नर्सिंग होम के नाम से अस्पताल चल रहा है। जिसमें फर्जी डाक्टर है जो अवैध रूप से और बिना सरकारी रजिस्ट्रेशन कार्य कर रहे हैं। डाक्टर इमरान की अगुवाई में टीम गठित कर मौके पर जांच के लिए भेजा जहां पर भारी मात्रा में गड़बड़ी पाई गई। जांच टीम ने मौके से दो गर्भपात किट, अंग्रेजी दवाइयां सहित अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किया गया है।
डॉ. इमरान ने बताया कि छापेमारी के समय ड्रग इंस्पेक्टर वे अन्य डाक्टर भी मौजूद थे। जब वे जांच के लिए आलिया नर्सिंग होम पहुंचे तो वहां पर केवल अजहरूद्दीन नाम का व्यक्ति मिला जो अपने आप को एमडी बता रहा था। उन्होंने देखा की अस्पताल में अवैध रूप से गर्भपात कराया जाता है। ऑपरेशन भी किए जाते हैं। जब उन्होंने डिग्री और सरकार द्वारा मंजूरी के कागजात मांगे तो उन्होंने दिखाने से मना कर दिया। टीम की जांच में पता चला है कि अस्पताल चलाने वालों के पास कोई दस्तावेज नहीं है।
जांच अधिकारी महेंद्र ने बताया कि मेडिकल ऑफिसर डॉ. इमरान की शिकायत पर डॉ. संदीप जैन, डॉ. मनीष अग्रवाल, एमडी अजहरूद्दीन, स्टाफ नर्स वर्षा आदि के खिलाफ धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट, एमटीपी एक्ट, आइएमसी एक्ट, ड्रग्स एवं कॉस्मैटिक एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी अजहरूद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।