रैन बसेरे पहुंच कर वहां ठहरे लोगों से फीडबैक लेते हुए उपायुक्त निशांत कुमार यादव
रैन बसेरों की व्यवस्था परखने के लिए पहुंचे उपायुक्त
बस स्टैंड पर महिलाओं के लिए अलग रैन बसेरा बनेगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कड़ाके की सर्दी में बेघर लोगों को सहजता से रैन बसेरे में प्रवेश मिलेगा। इसके लिए अब प्रशासन ने पहचान पत्र या आधार कार्ड दिखाए जाने की अनिवार्यता खत्म कर दी है। इसी के साथ बस स्टैंड पर महिलाओं के लिए अलग से रैन बसेरा बनाया जाएगा। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने मंगलवार की देर रात शहर के विभिन्न वार्डों में बनाए गए रैन बसेरों में पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही रेडक्राॅस के माध्यम से जरूरतमंदों को कंबल भी दिए।
उपायुक्त रेलवे स्टेशन, भीम नगर, सोहना चौक, मुख्य बस अड्डा और राजीव चौक स्थित रैन बसेरों पर पहुंचे। यहां पर ठहरे लोगों से फीडबैक भी लिया। रेलवे स्टेशन परिसर में खुले में फुटपाथ पर सो रहे लोगों को रैन बसेरे तक भी पहुंचवाया। बस अड्डे पर निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द वहां महिलाओं के लिए अलग रैन बसेरा बनाने के आदेश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि रैन बसेरों में आने वाले लोगों से पहचान पत्र अथवा आधार नंबर लेने की आवश्यकता नहीं है। शहर में सभी सार्वजनिक स्थानों पर रैन बसेरे से संबंधित होर्डिंग्स लगाए जाएं जिससे लोगों को रैन बसेरे की सुविधा के बारे में जानकारी मिल सकें। जिले में कुल 12 स्थानों पर रैन बसेरे बनाए गए हैं।