तावडू। हज के मुकद्दस सफर 2022 के लिए आजमीन अब 15 फरवरी तक आवेदन कर सकेंगे। भारतीय हज कमेटी ने 15 दिन के लिए आवेदन की तिथि और बढ़ाई है। यह जानकारी हरियाणा हज कमेटी के पूर्व सदस्य मौलाना अब्दुल सुभान ने मंगलवार को दी।
मौलाना ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी आदेश के मुताबिक पूर्व में 31 जनवरी तक हज यात्रा 2022 के लिए आवेदन मांगे गए थे। देश भर के आजमीन की दिलचस्पी को देखते हुए आवेदन की तिथि 15 दिन और बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने आवेदन के लिए गत 15 नवंबर 2021 से प्रक्रिया शुरू कर दी थी। इस बार लगातार 3 महीने के लिए आवेदन का समय दिया गया था। कोरोना काल और अन्य कारणों के चलते बहुत सारे इच्छुक सदस्य आवेदन नहीं भर पाए थे। इसे देखते हुए आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है। इसलिए इच्छुक सदस्य अंतिम तिथि से पहले पहले अपना आवेदन भर लें। उन्होंने बताया कि आवेदक के पास दिसंबर 2022 तक का मान्य पासपोर्ट होना आवश्यक है। आवेदन ऑनलाइन किए जा सकेंगे। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज और अन्य विवरण हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं। हज यात्रा पर जाने से पहले कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज एक महीना पहले लगवाना अनिवार्य है, यात्रियों को वैक्सीन लगवाने की पर्ची भी अपने साथ रखनी है।