कोतवाली दादरी क्षेत्र के गांव चिटहेरा में बरात चढ़त के दौरान बरातियों का गांव के कुछ युवकों से विवाद हो गया। उस दौरान मामला शांत करा दिया गया लेकिन बाद में गांव के युवकों ने विवाह स्थल पर पहुंचकर दूल्हे के भाई सहित अन्य बारातियों से मारपीट कर दी, जिसमें तीन-चार युवक घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को देख आरोपी फरार हो गए। आरोपियों पर जाति सूचक शब्द इस्तेमाल करने और अपमानित करने का भी आरोप है। वधु पक्ष की तरफ से राहुल आर्यन उर्फ शीषपाल ने पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव चिटहेरा निवासी गोपाल की बेटी की बरात मेरठ से रविवार की शाम को आई थी। बरात में चढ़त के दौरान नाचने के दौरान गांव के कुछ युवकों ने फब्तियां कसीं। इस बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद गांव के युवक जीटी रोड स्थित कृष्णा फार्म हाउस में पहुंच गए और बरातियों को पकड़ कर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट को देख दूल्हे का भाई दौड़ कर आया और मारपीट करने का कारण पूछा तो आरोपियों ने उसको भी पकड़ और मारपीट कर जमीन पर गिरा दिया, जिससे बरातियों में भगदड़ मच गई। मारपीट में तीन चार बरातियों को लात घूसों की चोट लग गई।