गायत्री बिल्डर साइट को सील करने पहुंची जिला प्रशासन की टीम।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को ग्रेनो वेस्ट स्थित गायत्री हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड बिल्डर के कार्यालय को सील कर दिया है। उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) के रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) पर पैसा जमा नहीं करने पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
एसडीएम दादरी आलोक गुप्ता ने बताया कि बिल्डर के खिलाफ यूपी रेरा की करीब 9 करोड़ रुपये की आरसी है। करीब एक साल पहले बिल्डर की कुछ संपत्ति कुर्क की गई थी। उसके बाद से बिल्डर ने आरसी का काया पैसा जमा नहीं कराया था। इस संबंध में बिल्डर को नोटिस जारी किए गए। शुक्रवार को जिला प्रशासन की टीम ने ग्रेनो वेस्ट स्थित बिल्डर के कार्यालय को सील कर दिया। सीलिंग की कार्रवाई होने के बाद बिल्डर ने करीब डेढ़ करोड़ का चेक जमा कराया है, लेकिन अभी ऑफिस की सील को खोला नहीं गया है। बिल्डर से बाकी धनराशि जमा करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य बिल्डरों के खिलाफ भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।