यूपी के हमीरपुर से चला रहे थे गिरोह, अलग-अलग तरीके से ठगते थे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
डीडीए हाउसिंग स्कीम के तहत फ्लैट दिलवाने के नाम पर ठगने वाले गिरोह का पूर्वी जिला साइबर थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने यूपी के हमीरपुर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों की पहचान हमीरपुर के गांव इमिलिया निवासी डॉ. निजामुद्दीन (33) और गांव जलालपुर निवासी अमित कुमार (36), सुलभ नामदेव (22) व राम अवतार (48) के रूप में हुई है।
मुख्य आरोपी निजामुद्दीन ने कंप्यूटर एप्लीकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा (पीजीडीसीए) करने के बाद गांवों में डॉक्टरी करने के लिए सर्टिफिकेट कोर्स भी कर रखा है। जबकि अमित कुमार गांव में गिफ्ट शॉप चलाने के अलावा सुविधा केंद्र भी चलाता है। अमित ने ही धोखाधड़ी के लिए सिमकार्ड उपलब्ध करवाए थे। सुलभ नामदेव गांव में दर्जी की दुकान चलाता है। उसने ठगी की रकम एटीएम के जरिये निकाली थी। राम अवतार किसान है। इसकी आईडी पर आरोपियों ने सिम जारी करवा रखे थे। पूर्वी जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अचिन गर्ग ने बताया कि वेस्ट विनोद नगर निवासी राजीव ने डीडीए हाउसिंग स्कीम के नाम पर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। फेसबुक पर उसने विज्ञापन देखा था जिसमें डीडीए की योजना के तहत फ्लैट देने की बात की गई थी। पीड़ित ने दिए गए लिंक पर जाकर जानकारी उपलब्ध करा दी। उसी दिन उसके पास ईमेल भेजकर आवेदन स्वीकार करने की बात कही गई। बुकिंग राशि के रूप में एक खाता नंबर देकर 50 हजार रुपये ऑनलाइन जमा करने के लिए कहा गया। पीड़ित ने राशि डाल दी। इसके बाद आरोपियों ने कॉल कर पांच लाख रुपये और एडवांस डालने के लिए कहा। पीड़ित को शक हुआ तो उसने पड़ताल की। इसके बाद उसे ठगी का पता चला। राजीव ने मामले की सूचना पूर्वी जिला साइबर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
छानबीन के लिए थाना प्रभारी अमित कुमार यादव, एसआई सौरभ व अन्यों की टीम का गठन किया गया। जिस खाते में रकम ट्रांसफर की गई थी, उसकी पड़ताल की गई। आरोपियों ने पूर्वी यूपी के कई एटीएम से रकम को निकाला था। उन मोबाइल नंबरों की भी पड़ताल की गई जिनसे पीड़ित को कॉल की गई थी। इसके बाद चार आरोपियों की पहचान कर ली गई। छानबीन में पता चला कि आरोपी हमीरपुर गिरोह चला रहे हैं। इसके बाद आरोपियों को दबोच लिया गया। आरोपियों ने बताया कि इन लोगों ने देशभर के लोगों से अलग-अलग स्कीम के नाम पर ठगी की है। फिलहाल यह डीडीए फ्लैट के नाम पर ठगी कर रहे थे।