मुठभेड़ में घायल बदमाश। अमर उजाला
नोएडा। सेक्टर-58 पुलिस ने शनिवार दोपहर लिफ्ट देकर लूटने वाले गिरोह के चार बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। बदमाशों की पहचान न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी अर्जुन, मिथलेश कुमार, जुबैर अहमद व सुनील कुमार के रूप में हुई है। इनमें अर्जुन व मिथलेश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात को सेक्टर-62 में ऑटो का इंतजार कर रहे बिहार निवासी सत्यजीत को आनंद विहार तक कार सवार चार बदमाशों ने लिफ्ट दी थी। सत्यजीत पांच हजार रुपये व घर के लिए मिक्सर ग्राइंडर खरीदकर ले जा रहा था। आनंद विहार के पास बदमाशों ने उसे लूटने का प्रयास किया तो सत्यजीत ने विरोध किया। इस पर बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे डराया और पेचकस मारकर लूट लिया। सत्यजीत ने पुलिस को रात में ही लूट की सूचना दे दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो दिल्ली नंबर की एसएक्सफोर कार दिखाई दी।
इधर, शनिवार दोपहर बदमाशों की कार नोएडा में दिखी तो एसीपी रजनीश वर्मा की टीम ने बदमाशों को जयपुरिया चौराहे पर घेर लिया। इस पर बदमाशों ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में अर्जुन व मिथलेश कार से उतरकर भागने लगे। पुलिस ने पैर में गोली मारकर दोनों को पकड़ लिया, जबकि कार में बैठे जुबैर व सुनील हाथ खड़े कर बाहर निकल आए। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से कार, चार तमंचे, पांच हजार रुपये, मिक्सर ग्राइंडर और दो बोरियों से लूटा हुआ सामान बरामद किया है। बदमाशों पर लूटपाट के करीब 9 मामले विभिन्न थानों में दर्ज है। अर्जुन ने कार पत्नी के नाम पर कुछ दिन पहले ही खरीदी थी। इसी कार से बदमाश लगातार वारदात अंजाम दे रहे थे।
घर के लिए निकला था सत्यजीत और पहुंच गया अस्पताल
सत्यजीत बिहार जाने के लिए विजय नगर से निकला था। उसके कुछ पैसे नोएडा में रहने वाले दोस्त के पास थे। पैसे लेकर वह सेक्टर-62 से आनंद विहार रेलवे स्टेशन के लिए निकला था, तभी बदमाशों ने उसे लिफ्ट देकर लूट लिया। घायल होने के कारण रात में किसी व्यक्ति ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां से लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस सतर्क हो गई थी। बदमाशों ने पुलिस को बताया कि गरीब लोगों सेे ही वह लूटपाट करते थे, क्योंकि ऐसे लोग पुलिस से शिकायत कम करते हैं।