धोखाधड़ी से बचने के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित हायर कंपनी के मुख्य गेट पर लगा हुआ बैनर।विज्ञप्ति।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। जेवर में एयरपोर्ट की घोषणा के बाद से क्षेत्र में देसी-विदेशी कंपनियां लगातार निवेश कर रही हैं। वहीं ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र में खुल रहीं नई कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह भी सक्रिय हो गया है। ऐसे गिरोह ऑनलाइन विज्ञापन जारी कर बेरोजगार युवाओं से ठगी कर रहे हैं। हाल ही में हुई ऐसी ही ठगी के बाद एक युवक संदिग्ध हालात में लापता हो गया। इसकी पड़ताल के लिए पुलिस ग्रेटर नोएडा स्थित हायर कंपनी पहुंची थी। जिसके बाद हायर प्रबंधन ने कंपनी के बाहर बैनर लगाकर लोगों को सावधान किया है। कंपनी ने बैनर में लिखा है कि नौकरी के आवेदन के लिए पैसे नहीं लिए जाते।
जिले में साइबर ठगी और धोखाधड़ी सैकड़ों मामले सामने आ चुके हैं। अब ऐसे गिरोह ग्रेटर नोएडा में निवेश कर रहीं विदेशी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रचार कर ठगी की जा रही है। हायर कंपनी के मानव संसाधन (एचआर) विभाग के अमित चौधरी ने बताया कि हाल में ही उनकी कंपनी में गौतमबुद्घ नगर पुलिस जांच के लिए पहुंची थी। जिसके बाद उन्हें पता चला कि कंपनियों में नौकरी का झांसा देकर युवाओं से ठगी की जा रही है। ठगी के बाद एक युवक लापता हो गया है। ऐसे में युवाओं को सावधान करने के लिए कंपनी के बाहर बैनर लगा दिया गया है।
ग्रेनो जोन से ठगी का शिकार होकर युवक के लापता होने का मामला संज्ञान में नहीं आया है। नौकरी के नाम पर ठगी की कोई शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। - विशाल पांडे, एडिशनल डीसीपी, ग्रेटर नोएडा जोन