नोएडा। डिजिटल क्रांति की दौड़ में सुस्त पड़ा यूपी परिवहन निगम बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। अब नोएडा डिपो में इलेक्ट्रानिक टिकट इश्यू मशीन (ईटीआईएम) की सुविधा यात्रियों के लिए शुरू होने जा रही है। जिस तरह दुकान और शोरूम पर डेबिट-क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने की सुविधा होती है, ठीक उसी तरह मोरना डिपो की सभी बसों में यात्रियों को किराया भुगतान में यह सेवा मिल सकेगी। जल्द ही कंडक्टर ईटीएम मशीन की जगह ईटीआईएम स्वैप मशीन से टिकट काटेंगे। इस मशीन के जरिए यात्री किसी भी बैंक के एटीएम कार्ड से किराए का भुगतान कर सकेंगे। हालांकि कोई सवारी कार्ड लाना भूल जाती है तो उससे कैश लेने का विकल्प भी रहेगा।
ईटीएम के जरिये फिलहाल अभी कार्ड स्वैप करने की सुविधा नहीं है। कंडक्टर नकद किराया लेने के बाद मशीन से टिकट देते हैं। बाद में मशीन में एकत्र पूरे डाटा की इंट्री आफिस पहुंचने पर रजिस्टर में करते हैं। यह प्रक्रिया काफी जटिल और थकाऊ है। ईटीआईएम स्वैप मशीन इसमें काफी राहत देगी। एटीएम कार्ड स्वैप करते ही टिकट का भुगतान होगा तो नेट के सहारे पूरा डाटा ऑनलाइन निगम मुख्यालय और क्षेत्रीय कार्यालय के मेन सर्वर तक भी पहुंच जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम अब ईटीएम को हटाने की तैयारी कर चुका है। इसके स्थान पर ईटीआइएम को प्रभावी किया जाएगा। संबंधित रकम कार्ड से कटते ही टिकट मिलने की भी सुविधा मिलेगी। एंडरायड ईटीआईएम के जरिये क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और स्मार्ट कार्ड से भुगतान होने से रोडवेज के राजस्व में सुधार होगा। यात्रियों को कैशलेस यात्रा की सुविधा मिलेगी, वहीं परिवहन निगम को डाटा जुटाने का काम भी आसान हो जाएगा।
भ्रष्टाचार कम होगा
बताया जा रहा है कि इस सुविधा के शुरू होने से जहां राजस्व चोरी रुकेगी, वहीं यात्रियों को खुले पैसों के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। दरअसल छोटी दूरी के स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बैठाकर अधिकतर टिकट न देकर उनसे लिए पैसे अपनी जेब में डाल लेते हैं, वहीं यात्रियों के पास खुले नहीं होने पर भी उन्हें कई बार दो-चार रुपये का ज्यादा भुगतान करना पड़ता है, लेकिन कैशलेस सुविधा शुरू होने के बाद यह समस्या नहीं रहेगी।
----
इस पर काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही यह सुविधा नोएडा डिपो पर उपलब्ध होने जा रही है। उम्मीद है दिसंबर तक सुविधा शुरू कर दी जाए।
- एनपी सिंह, एआरएम, मोरना डिपो