नोएडा। रबुपूरा क्षेत्र के विद्युत निगम के उपभोक्ताओं के 82 लाख रुपये के गबन मामले में तकनीकी सहायक के पद पर तैनात खजांची को निलंबित कर दिया गया है। एक महीने पहले इसी डिविजन में एक बाबू को भी निलंबित किया गया था।
विद्युत निगम की ग्रेटर नोएडा डिविजन में 82 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आने के बाद अधिशासी अभियंता ने खजांची सतेंद्र कुमार को नोटिस भेजकर निगम का राजस्व जमा करने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही विभाग के उच्चाधिकारियों को भी जानकारी दी गई। अब इस मामले में खजांची को निलंबित कर दिया। सतेंद्र कुमार रबुपुरा क्षेत्र में बिलिंग का कार्य देखता था। आरोप है कि मार्च व अप्रैल 2021 में उपभोक्ताओं के बिजली बिल का भुगतान लेकर निगम के बैंक खाते में जमा नहीं कराया। विभागीय स्तर पर जांच होने पर दो महीने में ही 82 लाख रुपये के गबन का खुलासा हुआ है। इस मामले में निगम की तरफ से पुलिस से भी शिकायत की गई है।